- शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को जारी किया सख्त निर्देश, BPSC से नियुक्त प्रधान शिक्षक और विद्यालय अध्यापकों के लंबित प्रमाण-पत्र भी होंगे सत्यापित
पटना : बिहार के सरकारी स्कूलों में फर्जी प्रमाण-पत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने वाले शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। शिक्षा विभाग ने राज्यभर में शिक्षकों के शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की दोबारा जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत वर्ष 2006 से 2021 के बीच विभिन्न नियोजन इकाइयों के माध्यम से नियुक्त शिक्षकों के दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जाएगा। वहीं, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से नियुक्त प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक और विद्यालय अध्यापकों के लंबित प्रमाण-पत्रों की भी जांच होगी।
विभाग ने साफ कर दिया है कि जांच में फर्जीवाड़ा या नियुक्ति के समय निर्धारित योग्यता में कमी मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें सेवा समाप्त करने से लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने तक के कदम शामिल हैं। इस आदेश के बाद राज्य के हजारों शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों की जांच की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
नियुक्ति के समय योग्यता नहीं मिली तो जाएगी नौकरी
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी शिक्षक के पास नियुक्ति की निर्धारित तिथि पर जरूरी शैक्षणिक योग्यता नहीं थी, तो उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने यह भी कहा है कि यदि जांच में किसी शिक्षक की नियुक्ति जाली या फर्जी प्रमाण-पत्र के आधार पर होने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सभी जिलों को प्रमाण-पत्रों के सत्यापन में तेजी लाने और लंबे समय से लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया गया है।
निगरानी जांच में फर्जी मिले थे कई शिक्षकों के दस्तावेज
शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों की दोबारा जांच कराने के पीछे पुरानी बहालियों में सामने आई अनियमितताएं भी एक बड़ी वजह हैं। दरअसल, निगरानी विभाग की जांच के दौरान कई शिक्षकों के प्रमाण-पत्र संदिग्ध और फर्जी पाए गए थे। इसके बावजूद कुछ नियोजन इकाइयों की ओर से संबंधित शिक्षकों को सेवा से हटाने की कार्रवाई नहीं की गई।
ऐसे कई शिक्षक अब भी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत बताए जा रहे हैं। कुछ मामलों में वेतन भुगतान को लेकर कानूनी विवाद भी सामने आए हैं। शिक्षा विभाग अब ऐसे मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई पूरी करना चाहता है, ताकि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने वालों को सेवा में बने रहने का लाभ नहीं मिल सके।
सुप्रीम कोर्ट और पटना हाईकोर्ट के आदेश भी अहम
इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट और पटना हाईकोर्ट के निर्देश भी महत्वपूर्ण हैं। पटना हाईकोर्ट में रंजीत पंडित एवं अन्य की ओर से दायर जनहित याचिका (सीडब्ल्यूजेसी संख्या 15459/2014) पर 25 अगस्त 2015 को सुनवाई हुई थी।
इस दौरान हाईकोर्ट ने निगरानी विभाग को शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी कई मामलों में जांच और कार्रवाई लंबित रही। अब शिक्षा विभाग ने जिलों को पुराने मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने को कहा है।
BPSC से नियुक्त शिक्षकों के प्रमाण-पत्र भी होंगे चेक
शिक्षा विभाग की नई जांच प्रक्रिया केवल पुरानी नियोजन इकाइयों के माध्यम से हुई बहाली तक सीमित नहीं रहेगी। बीपीएससी के जरिए नियुक्त प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक और विद्यालय अध्यापकों के जिन प्रमाण-पत्रों का सत्यापन अब तक पूरा नहीं हुआ है, उन्हें भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।
विभाग का उद्देश्य नियुक्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और दस्तावेजों से जुड़ी किसी भी अनियमितता को सामने लाना है। साथ ही पहले से लंबित सत्यापन मामलों को भी जल्द पूरा करने की तैयारी है।
इस आदेश के बाद अब जिला स्तर पर प्रमाण-पत्रों की जांच और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। जांच में जिन शिक्षकों के दस्तावेज सही पाए जाएंगे, उन्हें राहत मिलेगी, जबकि अनियमितता या फर्जीवाड़ा साबित होने पर संबंधित शिक्षकों को नौकरी गंवाने के साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।




Users Today : 259
Who's Online : 5