Home देश IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम मोदी ने जारी किया 75...

IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम मोदी ने जारी किया 75 रुपये का खास सिक्का

0
102

डेस्क : खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की 75वीं वर्षगांठ यानी प्लैटिनम जुबली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। शनिवार को आयोजित समारोह में इस सिक्के का अनावरण किया गया। यह सिक्का संस्थान की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और देश के तकनीकी विकास में उसके योगदान को समर्पित है।

चांदी से तैयार किया गया है सिक्का

विशेष स्मारक सिक्का 40 ग्राम चांदी से बनाया गया है। इसका व्यास 44 मिलीमीटर है। सिक्के के दोनों ओर आकर्षक और विशेष डिजाइन तैयार किए गए हैं। एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित है। इसके नीचे ‘सत्यमेव जयते’ लिखा हुआ है। बाईं ओर देवनागरी में ‘भारत’ और दाईं ओर अंग्रेजी में ‘INDIA’ अंकित है। सिक्के के निचले हिस्से में रुपये का चिह्न और 75 का अंक दिया गया है।

दूसरी तरफ IIT खड़गपुर की प्लैटिनम जुबली का प्रतीक

सिक्के के दूसरी ओर IIT खड़गपुर की प्लैटिनम जुबली का विशेष चिह्न बनाया गया है। इसके ऊपरी हिस्से में देवनागरी लिपि में ‘भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर’ और नीचे अंग्रेजी में संस्थान का नाम अंकित है। डिजाइन में वर्ष 2025 के साथ हिंदी में ‘प्लैटिनम जयंती’ और अंग्रेजी में ‘प्लैटिनम जुबली’ भी लिखा गया है।

संग्रहकर्ताओं के लिए खास स्मारक

यह सिक्का मुख्य रूप से संग्रह के उद्देश्य से जारी किया गया है। इसका इस्तेमाल आम लेनदेन में नहीं किया जा सकेगा। प्रसिद्ध सिक्का विशेषज्ञ सुधीर लुणावत के अनुसार, इसका निर्माण कोलकाता टकसाल में किया गया है। इच्छुक सिक्का संग्रहकर्ता इसे कोलकाता टकसाल से प्राप्त कर सकेंगे।

IIT खड़गपुर की 75 वर्षों की शैक्षणिक और तकनीकी उपलब्धियों को यादगार बनाने के लिए जारी यह सिक्का संस्थान के इतिहास का एक महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान, 552 करोड़ की लागत से बने सिक्सलेन NH-19 का हुआ उद्घाटन राज्य

बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान, 552 करोड़ की लागत से बने सिक्सलेन NH-19 का हुआ उद्घाटन