Home राज्य बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान, 552 करोड़ की लागत से बने...

बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान, 552 करोड़ की लागत से बने सिक्सलेन NH-19 का हुआ उद्घाटन

0
470

डेस्क : बिहार और झारखंड के बीच सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गया जिले के शेरघाटी से बिहार-झारखंड सीमा के पास चोरदाहा तक बने सिक्सलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने वैशाली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस परियोजना का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मगध विश्वविद्यालय, बोधगया परिसर में किया गया।

करीब 40 किलोमीटर लंबे इस सिक्सलेन मार्ग के निर्माण पर 552 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सड़क के शुरू होने से बिहार और झारखंड के बीच आवागमन आसान होने के साथ व्यापार और परिवहन गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। वर्चुअल संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गति को महसूस किया जा सकता है। एनडीए सरकार के नेतृत्व में राज्य विकास की नई इबारत लिख रहा है।

पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की है। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में उनकी टीम विकास के अभियान को आगे बढ़ा रही है।

शेरघाटी से चोरदाहा तक NH-19 के सिक्सलेन निर्माण को प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण परियोजना बताया। इस सड़क के चौड़ा होने से दोनों राज्यों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे व्यापारिक गतिविधियों और परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। वहीं, गयाजी में छह हजार करोड़ रुपये की लागत से स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है।

इसके अलावा राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने के लिए नई प्रोत्साहन नीति लाने की भी बात कही गई।

कार्यक्रम के दौरान गया जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी सौंपी गई। इनमें गया नगर निगम, मानपुर, टिकारी, शेरघाटी, बोधगया और खरखुरा क्षेत्र के लाभुक शामिल रहे।

मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मगध प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. सफीना एएम, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार मांझी, बोधगया नगर परिषद की सभापति ललिता देवी और बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार के 52 पैक्सों में बनेंगे नए गोदाम, 34.95 करोड़ रुपये होंगे खर्च; किसानों को मिलेगा फायदा राज्य

बिहार के 52 पैक्सों में बनेंगे नए गोदाम, 34.95 करोड़ रुपये होंगे खर्च; किसानों को मिलेगा फायदा