पटना : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को नई अध्यक्ष मिल गई हैं। 1992 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को आयोग का स्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 24 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। हरजोत कौर 29 नवंबर 2026 से BPSC अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी। इससे पहले उन्हें आयोग का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
अध्यक्ष का पद संभालने से एक दिन पहले यानी 28 नवंबर को हरजोत कौर भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेंगी। उन्होंने अपनी प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए कहा है कि परीक्षाओं का पारदर्शी तरीके से आयोजन कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
हरजोत कौर बम्हरा बिहार कैडर की 1992 बैच की IAS अधिकारी हैं। उन्होंने इंटरनेशनल बिजनेस स्टडीज में एमए और एमफिल की पढ़ाई की है। UPSC परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में कदम रखा। अपने लंबे करियर में उन्होंने बिहार सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारी निभाई है।
वह कार्मिक, पर्यटन, भू-राजस्व, परिवहन और ग्रामीण विकास जैसे विभागों में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा कटिहार और बेगूसराय की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। महिला एवं बाल विकास निगम की अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के साथ-साथ समाज कल्याण और खान एवं भूतत्व विभाग में अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। केंद्र सरकार में भी उन्होंने उप सचिव और निदेशक के रूप में सेवाएं दी हैं।
हरजोत कौर करीब चार साल पहले एक बयान को लेकर काफी सुर्खियों में आई थीं। पटना में UNICEF के एक कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने उनसे पूछा था कि क्या सरकार लड़कियों को 20-30 रुपये में सैनिटरी पैड उपलब्ध नहीं करा सकती है।
इस पर हरजोत कौर ने कहा था कि सरकार से ऐसी मांगों का अंत नहीं है। आज सैनिटरी पैड की मांग हो रही है, कल जींस-पैंट और सुंदर जूतों की मांग भी हो सकती है। उन्होंने परिवार नियोजन का उदाहरण देते हुए मुफ्त कंडोम की मांग का भी जिक्र किया था। उनके इस बयान पर काफी विवाद हुआ था और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
हरजोत कौर ऐसे समय में आयोग की कमान संभालने जा रही हैं, जब BPSC के सामने अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत करने की चुनौती है। 13 दिसंबर 2024 को आयोजित 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पटना के बापू परीक्षा परिसर में अभ्यर्थियों ने हंगामा किया था। प्रश्नपत्र से जुड़ी गड़बड़ी के आरोपों के बाद आयोग ने इस केंद्र की परीक्षा रद्द कर 4 जनवरी 2025 को दोबारा परीक्षा कराई थी। हालांकि, अभ्यर्थियों का एक वर्ग पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग करता रहा। यह मामला पटना हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था।
शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर भी आयोग के सामने कई सवाल हैं। इस भर्ती के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। परीक्षा पैटर्न, दो चरणों में परीक्षा, नेगेटिव मार्किंग और डोमिसाइल के आधार पर बिहार के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने जैसे मुद्दों पर अभ्यर्थियों ने विरोध जताया है।
ऐसे में नई अध्यक्ष के सामने भर्ती परीक्षाओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने के साथ अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल करने की जिम्मेदारी होगी।
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, हरजोत कौर का कार्यकाल 29 नवंबर 2026 से शुरू होगा। वह छह साल या 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक अध्यक्ष पद पर रहेंगी। दोनों में से जो अवधि पहले पूरी होगी, उसी के आधार पर उनका कार्यकाल समाप्त होगा।
उन्हें 31 मई 2027 को IAS सेवा से सेवानिवृत्त होना था, लेकिन उन्होंने पहले ही VRS के लिए आवेदन दिया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है। अब 29 नवंबर से वह BPSC की स्थायी अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगी।




Users Today : 253
Who's Online : 2