डेस्क : बिहार की महिलाओं और छठ पूजा की परंपराओं पर अभद्र टिप्पणी करना यूट्यूबर यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यश माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल @Almostyash के जरिए बिहार की महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत और सूचना मिली थी कि यूट्यूब चैनल के जरिए बिहार की महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई है। आरोप है कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई।
पटना साइबर थाना में 24 नवंबर 2026 को कांड संख्या 1550/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियों से विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगड़ने, विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने और लोगों की भावनाएं आहत होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट, वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
FIR दर्ज होने और सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना के बीच यश माहेश्वरी ने 24 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर माफी का वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं, त्योहार या किसी व्यक्ति को ठेस पहुंचाना नहीं था। हालांकि, उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में अपने कंटेंट को लेकर सावधानी बरतने का भरोसा दिया।
दरअसल, विवाद की शुरुआत यश माहेश्वरी के स्टैंड-अप शो ‘Morally Questionable’ से हुई। उन्होंने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर दिल्ली-NCR में किए गए शो का वीडियो अपलोड किया था।
वीडियो के एक हिस्से में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को अपने मजाक का विषय बनाया। इस दौरान उन्होंने सिंदूर की लंबाई को लेकर अश्लील तुलना की और महिलाओं के पतियों के निजी अंगों का संदर्भ दिया।
वीडियो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने इसे बिहार की महिलाओं और छठ जैसी सांस्कृतिक परंपरा का अपमान बताया। इसके बाद यश माहेश्वरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई। अब इस मामले में पटना साइबर पुलिस की जांच जारी है। माफी के वीडियो के बावजूद कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।




Users Today : 253
Who's Online : 2