Home राज्य बिहार के 52 पैक्सों में बनेंगे नए गोदाम, 34.95 करोड़ रुपये होंगे...

बिहार के 52 पैक्सों में बनेंगे नए गोदाम, 34.95 करोड़ रुपये होंगे खर्च; किसानों को मिलेगा फायदा

0
336

पटना : बिहार के किसानों के लिए राहत की खबर है। अब किसान अपनी उपज को सुरक्षित रख सकेंगे और बाजार में उचित कीमत मिलने पर ही अनाज बेच पाएंगे। इसके लिए राज्य के 52 चयनित पैक्स और व्यापार मंडलों में नए गोदामों का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना पर कुल 34.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गोदामों की कुल भंडारण क्षमता 48 हजार 200 टन होगी।

राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद सहकारिता विभाग ने गोदाम निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अनाज भंडारण की सुविधा को मजबूत करना और किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाना है।

योजना के पहले चरण में तीन अलग-अलग क्षमता वाले गोदाम बनाए जाएंगे। इनमें 200 टन, 500 टन और 1000 टन क्षमता वाले गोदाम शामिल हैं। राज्य की 52 चयनित सहकारी समितियों यानी पैक्स और व्यापार मंडलों में इनका निर्माण कराया जाएगा।

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर अनाज भंडारण की व्यवस्था का विस्तार करना है। फिलहाल पर्याप्त भंडारण सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को फसल कटाई के तुरंत बाद कम कीमत पर अपनी उपज बेचनी पड़ती है।

इस योजना के तहत सरकार संबंधित सहकारी समितियों को निर्माण लागत की 50 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में देगी। वहीं, बाकी 50 प्रतिशत राशि चक्रीय पूंजी यानी रिवॉल्विंग कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

इस व्यवस्था से समितियों पर एकमुश्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और गोदाम निर्माण का काम तेजी से पूरा किया जा सकेगा। नए गोदाम बनने से फसल कटाई के बाद अनाज के भंडारण की सुविधा बढ़ेगी। इससे अनाज की बर्बादी रोकने में मदद मिलेगी। किसान अपनी उपज को सुरक्षित रखकर बाजार में बेहतर कीमत मिलने का इंतजार कर सकेंगे। सरकार की इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ पैक्स और व्यापार मंडलों की कार्यक्षमता बढ़ने की भी उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार के विश्वविद्यालयों में 10,479 सहायक प्राध्यापकों की होगी नियुक्ति, 211 प्राचार्य और 2,518 कर्मियों की भी बहाली राज्य

बिहार के विश्वविद्यालयों में 10,479 सहायक प्राध्यापकों की होगी नियुक्ति, 211 प्राचार्य और 2,518 कर्मियों की भी बहाली