पटना : बिहार की राजनीति में 24 नवंबर 2005 को सुशासन और न्याय के साथ विकास की शुरुआत के रूप में याद किया जाता है। इसी अवसर पर मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान नीतीश कुमार ने पार्टी कार्यालय परिसर में तैयार किए गए सैंड आर्ट का भी मुआयना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना महानगर अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने की, जबकि संचालन पटना ग्रामीण के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने किया।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से बिहार में वास्तविक बदलाव की कहानी शुरू हुई। उस समय राज्य की कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में अपने कार्यों से बिहार का मान-सम्मान बढ़ाया और राज्य की नकारात्मक छवि बदलने का काम किया।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने ईमानदारी के साथ समाजवाद की विचारधारा को धरातल पर उतारा। बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव लाया। उन्होंने भागलपुर दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए नीतीश कुमार की पहल का भी उल्लेख किया।
संजय झा ने निशांत कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें भी नीतीश कुमार जैसी लगन और समर्पण दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि निशांत के नेतृत्व में पार्टी का भविष्य उज्ज्वल रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार ने 24 नवंबर को ‘न्याय के साथ विकास’ और ‘सुशासन’ को आधार बनाकर बिहार के नवनिर्माण की नींव रखी थी। उन्होंने राजनीति को केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का जरिया और जनसेवा का अवसर बनाया।
निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता संभालते ही कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी। महिला सशक्तिकरण के लिए पंचायती राज और नगर निकायों में 50 प्रतिशत तथा सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की। उनके कार्यकाल में सड़क निर्माण, बिजली और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम हुए।
उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल की सराहना अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी हुई है। निशांत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर नीतीश कुमार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दें तथा आम लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनें।
कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व सांसद अशफाक करीम, विधान पार्षद संजय सिंह, विधायक अरुण मांझी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों और सामाजिक बदलावों को याद किया।
कार्यक्रम के जरिए जदयू नेताओं ने कार्यकर्ताओं को सुशासन और विकास की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया।




Users Today : 254
Who's Online : 0