गया : जिले कुख्यात अपराधी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग ने भगत यादव और उसके कथित आपराधिक गिरोह के सदस्यों के खिलाफ आर्थिक अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। इसके बाद गया, औरंगाबाद, पटना और झारखंड के चतरा में कुल 10 ठिकानों पर तलाशी के लिए न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया गया है।
आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक, भगत यादव पर पिछले 15 से 16 वर्षों से संगठित आपराधिक गिरोह चलाने और अपराध के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरोह कथित तौर पर रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, सरकारी कार्य में बाधा और गरीब ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।
EOU के सत्यापन में सामने आया है कि सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ वर्ष 2001 से अब तक गया, बोकारो, रांची और अन्य स्थानों पर कुल 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अपहरण, लूट, आर्म्स एक्ट और जमीन कब्जे से जुड़े मामले शामिल हैं।
आर्थिक अपराध इकाई की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, भगत यादव ने पिछले 15-16 वर्षों में अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर 67 निबंधित दस्तावेजों के माध्यम से कुल 7790 डिसमिल जमीन, फ्लैट और मकान अर्जित किए हैं। इन संपत्तियों का मूल्य करोड़ों रुपये में बताया गया है।
EOU की प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि भगत यादव ने कथित आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन के बल पर अपनी पत्नी सुनीता कुमारी को राजनीति में स्थापित करने का प्रयास किया। इस मामले में पत्नी सुनीता कुमारी और बेटे आर्यन कुमार सहित कुल 11 लोगों को प्राथमिकी में अभियुक्त बनाया गया है।
आर्थिक अपराध थाने में 26 नवंबर 2026 को कांड संख्या 34/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद पटना स्थित न्यायालय से गया, औरंगाबाद, पटना और झारखंड के चतरा जिले में कुल 10 आवासीय ठिकानों की तलाशी के लिए अधिपत्र प्राप्त किया गया है।
कार्रवाई के लिए अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं। इनमें विशेष कार्य बल और संबंधित जिलों की पुलिस को भी शामिल किया गया है।
फिलहाल इस कार्रवाई में पुलिस की जांच का मुख्य फोकस कथित अपराध से अर्जित संपत्तियों और धनशोधन के नेटवर्क पर है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




Users Today : 361
Who's Online : 3