Homeदेशदिल्ली विधानसभा में तिरंगा यात्रा का आयोजन, विजेंद्र गुप्ता बोले- तिरंगा हमारे...

दिल्ली विधानसभा में तिरंगा यात्रा का आयोजन, विजेंद्र गुप्ता बोले- तिरंगा हमारे लोकतंत्र की जीवंत धड़कन

नई दिल्ली, 11 अगस्त : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत दिल्ली विधानसभा परिसर में मंगलवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। दिल्ली विधानसभा परिसर में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ में हिस्सा लेते हुए अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, यह हमारे लोकतंत्र की जीवंत धड़कन है और हर भारतीय को हमारे संविधान के आदर्शों से जोड़ने वाला पवित्र सूत्र है।

इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, पंकज कुमार सिंह, रविंदर इंद्राज सिंह, चीफ व्हिप अभय वर्मा और विधायकों शामिल हुए। विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर संपन्न हुई यह यात्रा राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक सम्मान का एक सशक्त प्रतीक बनी।

अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने राष्ट्रपिता से लेकर भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता तक मार्च करने के गहरे प्रतीकात्मक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर के भीतर का यह मार्ग आजादी से लेकर संवैधानिक शासन तक भारत की यात्रा को दर्शाता है और उन मूल्यों को सुदृढ़ करता है जो राज्य की लोकतांत्रिक संस्थाओं का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में लोकतंत्र के मंदिर के रूप में, विधानसभा पर सभी नागरिकों के लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को बढ़ावा देने की गंभीर जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि हमारी सभ्यता के गौरव का प्रतीक, हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की तपस्या और बलिदान की स्मृति तथा 140 करोड़ भारतीयों की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह हमें उन अनगिनत नायकों के बलिदान की याद दिलाता है जिनके संघर्ष और समर्पण ने देश को आजादी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के इस उत्सव पर न केवल तिरंगा फहराना आवश्यक है, बल्कि अपने शहर और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने का संकल्प लेना भी जरूरी है। उन्होंने दिल्ली के निवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प के तहत आजादी के इस उत्सव को एक जन-आंदोलन में बदल दें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तिरंगे से जुड़ना न केवल राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना है, बल्कि अपने कर्तव्यों, ज़िम्मेदारियों और देश की एकता के प्रति हमारे संकल्प को मजबूत करना भी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments