Home राज्य 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे नीतीश सेतु का लोकार्पण, सम्राट चौधरी...

21 नवंबर को PM मोदी करेंगे नीतीश सेतु का लोकार्पण, सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

0
8

वैशाली : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु का निरीक्षण किया। साथ ही राघोपुर के रुस्तमपुर में बनाए गए हेलीपैड और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी जायजा लिया।

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे छह लेन पुल नीतीश सेतु का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री बिहार को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर के रुस्तमपुर में हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच बनाए जा रहे कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे। राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता उनके स्वागत के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम हुआ। छह लेन पुल का DPR वर्ष 2012 में तैयार किया गया था और 2015 में नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में पुल का निर्माण पूरा हुआ है।

उन्होंने कहा कि छह लेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जाना उनके लिए खुशी और गर्व की बात है। नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है। यह उनके प्रति हमारी सरकार का छोटा-सा सम्मान है।

इसके बाद मुख्यमंत्री जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी पहुंचे और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में हेलीपैड, पार्किंग, प्रवेश द्वार, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, अग्निशमन और पेयजल जैसी सुविधाओं की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभा स्थल तक आवागमन सुगम और व्यवस्थित रखा जाए। मुख्य मार्गों को खाली रखने के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में शराब की अवैध बिक्री की शिकायत करना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही खुलेगा चैटबॉट राज्य

बिहार में शराब की अवैध बिक्री की शिकायत करना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही खुलेगा चैटबॉट