पटना : रिशु श्री टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने IAS अधिकारी आनंद किशोर से पूछताछ शुरू कर दी है। बुधवार को आनंद किशोर तीसरे समन पर पटना स्थित ED कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों की टीम उनसे टेंडर प्रक्रिया से जुड़े कई अहम पहलुओं पर सवाल कर रही है।
इससे पहले ED की ओर से उन्हें दो बार समन भेजा गया था, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए थे। अब तीसरे समन के बाद उनके ED कार्यालय पहुंचने पर पूछताछ शुरू हुई है। जांच एजेंसी उनकी भूमिका और टेंडर से जुड़े अन्य लोगों के साथ संभावित संबंधों की जानकारी जुटा रही है।
रिशु श्री से जुड़े इस कथित टेंडर घोटाले में ED की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। आनंद किशोर से पहले केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में पांच IAS अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। अब आनंद किशोर से पूछताछ के जरिए जांच एजेंसी मामले की अन्य कड़ियों को जोड़ने और टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है।
ED की जांच में आरोप सामने आए हैं कि रिशु श्री सरकारी अधिकारियों की तैनाती को प्रभावित करने के साथ ही सरकारी टेंडरों की गोपनीय जानकारी पहले ही हासिल कर लेता था। आरोप है कि अधिकारियों के साथ कथित सांठगांठ कर टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित किया जाता था और पसंदीदा ठेकेदारों को काम दिलाने के बदले कमीशन वसूला जाता था। इस कमीशन का हिस्सा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का भी आरोप है।
फिलहाल ED कार्यालय में आनंद किशोर से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी टेंडर से जुड़े दस्तावेजों, अधिकारियों की भूमिका और कथित लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है।




Users Today : 253
Who's Online : 1