पटना : बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 3310 सहायक बंदोबस्त पदाधिकारियों की बहाली की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। विभाग की ओर से इस भर्ती का विज्ञापन अगले तीन दिनों के अंदर जारी कर दिया जाएगा। इसके लिए बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद यानी बीसीईसीईबी (BCECEB) कार्यालय को आवश्यक निर्देश भेज दिया गया है।
इस बहाली को राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार का उद्देश्य भूमि सर्वेक्षण के काम में तेजी लाना और इसके लिए जरूरी अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। बड़ी संख्या में पदों पर नियुक्ति होने से विभागीय कामकाज को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के आदेश और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल की पहल पर विभाग में नियुक्ति प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। लंबे समय से भूमि सर्वेक्षण से जुड़े काम को गति देने के लिए अतिरिक्त अधिकारियों की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए 3310 सहायक बंदोबस्त पदाधिकारियों की बहाली का फैसला लिया गया है।
खास बात यह है कि विभाग की ओर से नियुक्तियों का दायरा यहीं तक सीमित नहीं रहने वाला है। मौजूदा 3310 पदों के अलावा आगे करीब 2 हजार और नई रिक्तियां बढ़ाई जाएंगी। यानी आने वाले समय में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारियों के पदों पर भर्ती का अवसर और बढ़ सकता है।
फिलहाल अभ्यर्थियों को आधिकारिक विज्ञापन जारी होने का इंतजार है। विज्ञापन में आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह है कि भर्ती से जुड़ी आधिकारिक सूचना जारी होने के बाद ही आवेदन संबंधी पूरी जानकारी प्राप्त करें।




Users Today : 245
Who's Online : 0