सिवान/पटना 13 अगस्त: अंबेडकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, पटना के अंतर्गत संचालित ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दरौंदा, सिवान को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा 100 एमबीबीएस सीटों की मान्यता प्रदान की गई है। इस उपलब्धि से संस्थान के साथ-साथ सिवान और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है। इसे जिले में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
एनएमसी से मान्यता मिलने के बाद सिवान तथा आसपास के विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी। वहीं, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के माध्यम से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा।
इस अवसर पर अंबेडकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन डॉ. कौशल कुमार गिरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को एनएमसी से 100 एमबीबीएस सीटों की मान्यता मिलना पूरे सिवान के लिए गौरव की बात है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। यह उपलब्धि हमारी पूरी टीम की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है।”
डॉ. कौशल कुमार गिरी ने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों और व्यावहारिक प्रशिक्षण का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता रहेगी।
उल्लेखनीय है कि अंबेडकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के अंतर्गत ही सिवान में हाल ही में वी. वी. गिरि विश्वविद्यालय को भी मान्यता मिली है। विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों से सिवान में उच्च शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे आने वाले समय में सिवान को शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।






