Homeदेशअटल जी के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता से आगे...

अटल जी के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रहा भारत : डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया संबोधित

भोपाल, 16 अगस्त : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शौर्य स्मारक के समीप स्थित अटल जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अटल जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित किया। उनका जीवन और विचार आज भी देशवासियों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकतंत्र, राष्ट्रवाद और सुशासन को नई दिशा देने का कार्य किया। वे साहित्यकार, पत्रकार, कुशल वक्ता, राजनेता, संगठनकर्ता, प्रधानमंत्री और सशक्त विपक्ष के नेता के रूप में भारतीय राजनीति में अपनी अमिट छाप छोड़ गए। उनकी कार्यशैली में संवाद, सहमति, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित सर्वोपरि था। उन्होंने 24 दलों को साथ लेकर सहमति, संवाद और विश्वास के आधार पर गठबंधन सरकार चलाकर भारतीय लोकतंत्र के समक्ष एक नई मिसाल कायम की।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर दिखाई लोकतांत्रिक परिपक्वता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और राष्ट्रीय हित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। बांग्लादेश के गठन के समय भारत-पाकिस्तान के बीच उत्पन्न परिस्थितियों में विपक्ष के नेता होते हुए भी उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर देशहित और लोकतांत्रिक परिपक्वता का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर विश्व पटल पर भारत की भाषा और संस्कृति का गौरव बढ़ाया। विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने भारत की विदेश नीति को नई दिशा दी और पाकिस्तान के साथ संवाद की पहल कर शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया। वहीं, पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने का साहसिक निर्णय लेकर उन्होंने विश्व समुदाय को भारत की सामरिक शक्ति का परिचय कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान अटल जी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए पाकिस्तान की घुसपैठ का मुंहतोड़ जवाब दिया। युद्ध के कठिन दौर में भी अटल जी ने भारतीय संस्कृति की उदारता और मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया तथा पाकिस्तानी सैनिकों के शवों को सम्मानपूर्वक दफनाने की व्यवस्था कराई। यह उनके संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व का परिचायक है।

विकास की दूरदृष्टि ने रखी आधुनिक भारत की मजबूत नींव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना अटल जी की दूरदृष्टि और विकास के प्रति उनकी स्पष्ट सोच के सशक्त उदाहरण हैं। इन योजनाओं ने देश में सड़क संपर्क को मजबूत करने के साथ आर्थिक गतिविधियों और विकास को नई गति प्रदान की। अटल जी ने अपने दृढ़ निर्णयों और दूरदर्शी नीतियों से आधुनिक भारत के विकास की मजबूत आधारशिला रखी।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अटल जी के सपनों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में जुटे हैं। अटल जी का सपना था कि भारत विश्व का मार्गदर्शन करने वाला, सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बने। देश आज उसी दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

अटल जी ने भाजपा को रोपा, कार्यकर्ताओं ने बनाया विशाल वटवृक्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए यह गौरव की बात है कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी पार्टी के ऐसे पहले नेता थे, जिन्होंने तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारतीय जनता पार्टी को एक पौधे के रूप में रोपा था। उनके विचारों, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और राष्ट्रसेवा के संकल्प ने इस पौधे को आज विशाल वटवृक्ष का रूप दिया है। भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में देश की सेवा कर रही है। यह अटल जी की दूरदृष्टि, विचारों और संगठनात्मक क्षमता की शक्ति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अटल जी के विचारों और उनके सपनों को साकार करते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। देश की विकास यात्रा में अटल जी के आदर्श और उनकी नीतियां आज भी मार्गदर्शक की भूमिका निभा रही हैं।

अटल जी के विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अटल जी का जीवन केवल राजनीतिक उपलब्धियों की गाथा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, राष्ट्रवाद, सुशासन, उदारता, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा का जीवंत आदर्श है। उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करें।

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि वे अटल जी के राष्ट्रसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के आदर्शों को अपनाते हुए मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लें।

इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments