Homeदेशमप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में अटल जी की 25 फीट...

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में अटल जी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापना के लिए किया भूमिपूजन

इंदौर के दशहरा मैदान में स्थापित होगी 197.13 लाख रुपये लागत की विशाल प्रतिमा

भोपाल, 16 अगस्त : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के दशहरा मैदान स्थित उद्यान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन किया।

नगर पालिक निगम, इंदौर द्वारा अन्नपूर्णा रोड दशहरा मैदान में स्थित उद्यान में अटल जी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा एवं पेडस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 197.13 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह प्रतिमा अटल जी की स्मृतियों, उनके व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को चिरस्थायी स्वरूप प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दशहरा मैदान जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर अटल जी की प्रतिमा की स्थापना केवल एक स्मारक का निर्माण नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह प्रतिमा नागरिकों, विशेषकर युवाओं को अटल जी के जीवन, राष्ट्रप्रेम, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराएगी।

लगभग चार माह में पूर्ण होगा प्रतिमा स्थापना कार्य

परियोजना की कुल लागत 197.13 लाख रुपये है। प्रस्तावित प्रतिमा की ऊंचाई 25 फीट होगी और इसका निर्माण गनमेटल धातु से किया जाएगा। प्रतिमा स्थापना एवं पेडस्टल निर्माण का कार्य लगभग चार माह की अवधि में पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। यह प्रतिमा स्थल स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता के आदर्शों का स्थायी स्मारक बनेगा। यहां आने वाले नागरिकों और युवाओं को उनके जीवन एवं विचारों से प्रेरणा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, विधायकगण मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया और गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, प्रताप करोसिया, सत्यनारायण सत्तन, सुदर्शन गुप्ता, गौरव रणदीवे अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में काफिला रूकवाकर कावड़ यात्री से मिले

इससे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में श्रावण मास की धार्मिक यात्रा पर कावड़ यात्री को जाता देख अपना काफिला रुकवा कर कावड़ यात्री से उनकी कावड़ लेकर अपने कंधे पर उठाकर चलें। साथ ही उन्होंने इंदौर के कावड़ यात्री श्री बाबू पटेल से चर्चा की।

बाबू पटेल ने बताया कि वे वर्षों से कावड़ यात्रा कर रहें है। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रशंसा करते हुए श्रावण मास की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री रविवार को इंदौर प्रवास पर रहें। इस दौरान उन्होंने इंदौर में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments