पटना, 17 अगस्त : बिहार के लखीसराय जिले स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम शिव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को हुई भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिला प्रशासन ने सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोकधाम शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार हादसे में मृत सातों श्रद्धालुओं की पहचान हो गई है। मृतकों में मनमाला देवी (44) — पति निरंजन कुमार, बड़हिया वार्ड-12, लखीसराय, रिंकू देवी (50)— पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर, हेमलता देवी (55)— पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, ललिता देवी (50) — पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, सविता कुमारी (35) — पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, सरोज देवी (65)— पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना और सावित्री देवी (49)— पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय शामिल हैं।
हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन घटना के कारणों और भीड़ प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है।
राष्ट्रपति प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लखीसराय में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लखीसराय जिले में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स हैंडल से साझा संदेश में कहा गया कि इस घटना में लोगों की जान जाने से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने मृत श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन मौके पर राहत कार्य में जुटा है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से उनका मन व्यथित है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। घटना की जानकारी मिलते ही वह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए और जिला प्रशासन तथा मंदिर प्रबंधन के लगातार संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करना है। उन्होंने घटना के कारणों की गंभीरता से जांच कराने की बात कही। साथ ही कहा कि यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी बातचीत हुई है और घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के लिए चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में हुई भगदड़ बेहद दुखद है। उन्होंने मृत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति, शोकाकुल परिवारों को संबल और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अशोकधाम मंदिर हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी अशोकधाम में हुई भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वह घटनास्थल के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि पहले वह पूरी घटना की जानकारी लेंगे और उसके बाद ही मामले पर विस्तार से कुछ कह पाएंगे।







