नवादा, 17 अगस्त : बिहार में नवादा नगर के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के पंजियार दर्जी मोहल्ला में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही कमरे से मां और उसकी दो मासूम बेटियों की लाश बरामद हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मां ने अपनी चार वर्षीय और डेढ़ वर्षीय बेटियों की हत्या करने के बाद खुद फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मृतकों की पहचान पंजियार दर्जी मोहल्ला निवासी मोहम्मद शाहिद की 32 वर्षीय पत्नी निदा खातून तथा उसकी दो बेटियों चार वर्षीय सारिया और डेढ़ वर्षीय सिदरा के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि निदा के पति मोहम्मद शाहिद करीब एक वर्ष से सऊदी अरब में रहकर इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। घर में निदा अपनी दोनों बेटियों के साथ रह रही थी।
घटना का खुलासा सोमवार की उस समय हुआ, जब परिवार का एक सदस्य कमरे का दरवाजा खुलवाने के लिए पहुंचा। काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर वेंटिलेटर से कमरे के अंदर झांककर देखा गया। वहां दोनों मासूम बच्चियां मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि निदा फंदे से लटकी हुई थी।इसके बाद घटना की सूचना बुंदेलखंड थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सुरक्षित कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कमरे से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में मां ने दोनों बच्चियों की हत्या क्यों की और फिर खुदकुशी क्यों की, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। घटना के बाद मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।







