Homeराज्यBihar Crime: अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का आरोपी छोटू पुलिस एनकाउंटर में घायल,...

Bihar Crime: अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का आरोपी छोटू पुलिस एनकाउंटर में घायल, वैशाली में STF के साथ हुई मुठभेड़

हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले में रविवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में हुई इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी राज नंदन कुमार उर्फ छोटू गोली लगने से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। वैशाली जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस को देखते ही अपराधी ने की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, वैशाली पुलिस और STF की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी छोटू अपने गांव के पास मरमला चौर में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस और STF की टीम ने इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें छोटू के दाहिने पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने घायल अपराधी को मौके से हिरासत में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी है छोटू

घायल अपराधी की पहचान वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय के पुत्र राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, छोटू वैशाली और समस्तीपुर जिले की पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ था। उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

छोटू समस्तीपुर जिले के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। इस मामले में वर्ष 2025 में न्यायालय में पेशी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर समस्तीपुर कोर्ट परिसर से फरार हो गया था। इसके बाद से ही वैशाली पुलिस और STF उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

SSP और SDPO ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वैशाली के एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।

वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को अनिल ज्वेलर्स लूटकांड के फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments