Homeराज्यझारखंडधनबाद के केंदुआ में फिर बना गोफ, जहरीली गैस के रिसाव से...

धनबाद के केंदुआ में फिर बना गोफ, जहरीली गैस के रिसाव से दहशत, सुरक्षित पुनर्वास की मांग

धनबाद, 17 अगस्त : धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ 5 नंबर राजपूत बस्ती में सोमवार को तेज आवाज के साथ एक बार फिर गोफ बनने और उससे जहरीली गैस का रिसाव होने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। राजपूत बस्ती मस्जिद से कुछ दूरी पर लाल बहादुर सिंह के घर के समीप बागान में अचानक गोफ बन गया। घटना की सूचना मिलते ही भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।

गोफ से लगातार गैस का रिसाव होने के कारण आसपास रहने वाले लोग भयभीत हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी भू-धंसान और जहरीली गैस के रिसाव की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब पांच माह पहले केंदुआडीह थाना के समीप मुख्य सड़क धंस गई थी। सड़क के किनारे बने गोफ से भी जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कराया गया था। बाद में वैज्ञानिक जांच के साथ नाइट्रोजन गैस की फिलिंग भी कराई गई थी।

अब दोबारा गोफ बनने और गैस रिसाव की घटना से क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल से प्रभावित आबादी के सुरक्षित पुनर्वास की मांग की है।

वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा रावत ने कहा कि रैयती और गैर-रैयती जमीन के लिए समान मुआवजा देने की नीति उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग गोफ और जहरीली गैस के खतरे से दूर सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए बीसीसीएल और जिला प्रशासन को लोगों के हित में प्रभावी पुनर्वास नीति तैयार करनी होगी।

स्थानीय लोगों ने रैयती जमीन के लिए अधिक मुआवजा देने की भी मांग की है। उनका कहना है कि यदि उचित मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था की जाती है तो वे अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने को तैयार हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments