Homeदेशडॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली

देहरादून : डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई।

मुख्य सचिव ने अधिपत्र पढ़ा और इसके बाद उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने शपथ दिलाई। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. बिसेन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, मंत्री विधायक सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1990 में मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह 1993, 1998 और 2003 में भी विधायक निर्वाचित हुए।

वर्ष 2003 में मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद बिसेन को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। उन्होंने 2003 से 2005 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने वन, परिवहन, खनिज, स्कूल शिक्षा और जेल सहित विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभाली।

बिसेन वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें बालाघाट संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया, जहां से वह निर्वाचित होकर पहली बार लोकसभा पहुंचे।

राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ बिसेन सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। वह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आते हैं और भोयर पवार समाज से उनका संबंध है। उन्हें आयुर्वेद और होम्योपैथी से जुड़े चिकित्सक के रूप में भी जाना जाता है। मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments