Homeराज्यबिहार में MBBS की 138 खाली सीटों पर होगा विशेष स्ट्रे वैकेंसी...

बिहार में MBBS की 138 खाली सीटों पर होगा विशेष स्ट्रे वैकेंसी राउंड, आज से आवेदन शुरू

पटना : बिहार में एमबीबीएस में नामांकन के लिए विशेष स्ट्रे वैकेंसी राउंड और अन्य पाठ्यक्रमों के लिए पांचवें राउंड की काउंसेलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीइसीइबी) ने मंगलवार को रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन की तिथियां घोषित कीं। इसके तहत राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 138 सीटें खाली हैं। इनमें निजी मेडिकल कॉलेजों की 127 और सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 11 सीटें शामिल हैं। निजी कॉलेजों में एक सीट एनआरआइ कोटे की भी है।

बीसीइसीइबी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण, आवेदन और कॉलेज एवं पाठ्यक्रम के विकल्प भरने की प्रक्रिया चार नवंबर से शुरू होगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि आठ नवंबर रात 10 बजे तक निर्धारित की गयी है। वहीं, आवेदन जमा करने, शुल्क भुगतान और आवेदन में सुधार की अंतिम समय-सीमा आठ नवंबर रात 11:59 बजे तक है। पहले से आवेदन कर चुके पात्र अभ्यर्थी भी चार से आठ नवंबर तक अपनी सहमति दे सकेंगे।

सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 11 सीटें रिक्त

जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 11 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें पीएमसीएच पटना में एक, एनएमसीएच पटना में दो, बीएमआइएमएस पावापुरी में एक और इएसआइसी मेडिकल कॉलेज बिहटा में दो सीटें खाली हैं। इसके अलावा जीएमसी बेतिया, पूर्णिया और मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में एक-एक तथा जेएलएनएमसी भागलपुर में दो सीटें रिक्त हैं।

निजी मेडिकल कॉलेजों में 127 सीटें उपलब्ध

निजी मेडिकल कॉलेजों में सबसे अधिक 46 सीटें ममता मेडिकल कॉलेज, सिवान में खाली हैं। विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, पूर्वी चंपारण में 38 और महाबोधि मेडिकल कॉलेज, गया में 16 सीटें उपलब्ध हैं।

इसके अलावा हिमालय मेडिकल कॉलेज, पालीगंज में तीन, लॉर्ड बुद्धा कोशी मेडिकल कॉलेज, सहरसा में दो, केके मेडिकल कॉलेज में एक, कुर्मा संस्कृति मेडिकल कॉलेज, जहानाबाद में एक, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में दो, आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज में एक, श्री नारायण मेडिकल इंस्टीट्यूट में एक और श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज में दो सीटें रिक्त हैं। बुद्धा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, गया में 14 सीटें उपलब्ध हैं।

11 नवंबर को जारी होगा सीट आवंटन परिणाम

काउंसेलिंग कार्यक्रम के मुताबिक, नौ नवंबर को अभ्यर्थियों का रैंक कार्ड जारी किया जायेगा। इसी दिन रात 11:59 बजे तक कॉलेज और पाठ्यक्रम के विकल्प भरने, उनमें सुधार करने और उन्हें लॉक करने का मौका मिलेगा।

विशेष स्ट्रे वैकेंसी राउंड का औपबंधिक सीट आवंटन परिणाम 11 नवंबर को जारी किया जायेगा। इसके बाद 12 और 13 नवंबर को नामांकन एवं दस्तावेजों का सत्यापन होगा। दस्तावेजों में पायी गयी त्रुटियों को दूर करने के लिए 13 नवंबर शाम पांच बजे तक का समय दिया गया है।

पहले पंजीकरण नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों को भी मौका

बीसीइसीइबी के अनुसार, यह काउंसेलिंग नीट यूजी 2026 में सफल उन पात्र अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने पहले पंजीकरण नहीं कराया था अथवा पंजीकरण के बाद आवेदन और निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया था। हालांकि, इसके लिए अभ्यर्थी ने देश के किसी भी मेडिकल या डेंटल कॉलेज में दाखिला नहीं लिया होना चाहिए।

पहले के राउंड में एमबीबीएस या बीडीएस में दाखिला ले चुके अभ्यर्थी और निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करने वाले उम्मीदवार इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। पात्र अभ्यर्थी बीसीइसीइबी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments