सीतामढ़ी : बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन बुधवार को माता सीता की प्राकट्य स्थली पुनौरा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने माता जानकी के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। राज्यपाल ने माता सीता के सामने हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही उन्होंने पुनौरा धाम में बन रहे भव्य माता सीता मंदिर के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।
राज्यपाल के इस दौरे को लेकर पुनौरा धाम में विशेष तैयारियां की गई थीं। इस मौके पर सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, नगर विधायक सुनील कुमार पिंटू समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि जनप्रतिनिधियों की ओर से राज्यपाल को पुनौरा धाम आने का निमंत्रण दिया गया था।
इस दौरान राज्यपाल को जानकारी दी गई कि करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से यहां भव्य माता सीता मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर परिसर को धार्मिक और पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जा रहा है। राज्यपाल ने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए उम्मीद जताई कि अगले डेढ़ साल के भीतर मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा।
माता जानकी के दर्शन और आरती के बाद राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि 12 मार्च को जब वह एयरपोर्ट पहुंचे थे, तब उन्हें बिहार की पावन धरती पर स्वागत की बात बताई गई थी, लेकिन आज सीतामढ़ी आकर उन्होंने इसकी वास्तविक अनुभूति की है।
राज्यपाल ने कहा, ”सीता मां के सामने हाथ जोड़कर आरती की, मुझे बहुत अच्छा लगा। मैं आगे भी सीतामढ़ी आऊंगा और मां सीता की पावन धरती पुनौरा धाम पहुंचूंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि माता सीता की इस पावन धरती की अनुभूति केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया करती है।
राज्यपाल के इस दौरे से पुनौरा धाम के धार्मिक और पर्यटन महत्व को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। भव्य मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद यह स्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था का केंद्र बन सकता है।
