वैशाली : पुलिस महकमे से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां SSP शुभांक मिश्रा ने पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और अनियमितता के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। महिसौर थाना की थानाध्यक्ष पु०अ०नि० चांदनी कुमारी सांवरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद वैशाली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, महिसौर थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया के खिलाफ कर्तव्य निर्वहन में अनियमितता और संदिग्ध आचरण को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने उपलब्ध साक्ष्यों का प्रथम दृष्टया अवलोकन किया। शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों को देखते हुए SSP ने तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया।
इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वैशाली की ओर से 4 नवंबर 2026 को आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई है। इसमें थानाध्यक्ष के निलंबन की जानकारी देते हुए कार्रवाई के पीछे कर्तव्य निर्वहन में अनियमितता और संदिग्ध आचरण से जुड़ी शिकायतों का जिक्र किया गया है।
वहीं, SSP ने सिर्फ निलंबन की कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि पूरे मामले की विस्तृत जांच के भी आदेश दिए हैं। इस प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक यातायात, वैशाली को सौंपी गई है। अब जांच अधिकारी पूरे मामले से जुड़े तथ्यों, शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल करेंगे।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल, महिसौर थानाध्यक्ष पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। SSP शुभांक मिश्रा के इस एक्शन के बाद अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
