Home राज्य उमेश कुशवाहा बोले- BJP से हमारा गठबंधन फेविकोल की तरह मजबूत, JDU...

उमेश कुशवाहा बोले- BJP से हमारा गठबंधन फेविकोल की तरह मजबूत, JDU में MLC चुनाव की हार पर मंथन

0

पटना : बिहार की राजनीति में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद NDA के भीतर सहयोग और तालमेल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि BJP के साथ JDU का गठबंधन फेविकोल की तरह मजबूत है।

पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में 5 नवंबर को विधान परिषद चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री निशांत कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। चुनाव में जीत और हार का सामना करने वाले उम्मीदवारों के साथ संबंधित जिलों के जिलाध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया है।

चार में से तीन सीटों पर मिली हार, जदयू में क्यों हो रहा मंथन?

दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव में एनडीए के घटक दल भाजपा और जदयू ने चार-चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें जदयू को चार में से केवल एक सीट पर जीत मिली, जबकि तीन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार अपनी सीट बचाने में सफल रहे। वहीं, तिरहुत स्नातक सीट पर जदयू के अभिषेक झा को निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर ब्रजवासी ने हराया। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के आनंद पुष्कर को निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज से हार मिली। इसके अलावा दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के घनश्याम राय को जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार एसपी राय ने शिकस्त दी।

दो निर्दलीय MLC के BJP के साथ आने से बढ़ी चर्चा

विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक चर्चा उस समय और तेज हो गई, जब तिरहुत स्नातक सीट से जीते बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक सीट से जीते राहुल राज भाजपा के साथ नजर आए। दोनों उम्मीदवारों ने चुनाव में जदयू प्रत्याशियों को हराया था।

इस घटनाक्रम के बाद जदयू के भीतर सहयोगी दलों के चुनावी समर्थन और आपसी तालमेल को लेकर सवाल उठे। पार्टी के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। हालांकि, इन आरोपों को लेकर भाजपा की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।

शाम को सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में NDA की बैठक

इधर, गुरुवार को ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में एनडीए नेताओं की भी अहम बैठक प्रस्तावित है। यह बैठक शाम 6 बजे लोक सेवक आवास पर होगी। इसमें गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे।

बैठक में विधान परिषद चुनाव के नतीजों की समीक्षा के साथ गठबंधन के भीतर आपसी समन्वय और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में उमेश कुशवाहा का फेविकोल वाला बयान और जदयू की समीक्षा बैठक बिहार की सियासत में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

सहरसा के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार पर SVU का शिकंजा, 5 ठिकानों पर छापेमारी; 31.42 लाख रुपये नकद बरामद

Exit mobile version