पटना : बिहार में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने दो वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। पटना के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार को शिक्षा विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 2001 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार वर्तमान में पटना के प्रमंडलीय आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे वे अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के कार्यों का भी संचालन करेंगे।
वहीं, 2007 बैच के IAS अधिकारी मनोज कुमार, जो वर्तमान में पंचायती राज विभाग के सचिव हैं, उन्हें शिक्षा विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अब वे पंचायती राज विभाग के साथ-साथ शिक्षा विभाग की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगे।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन और विभागीय जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोनों अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के प्रशासनिक कार्यों में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी।







