Home राज्य दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई...

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई होटल-मिठाई दुकानों में छापेमारी; एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर की गई नष्ट

0

मुंगेर : दीपावली और धनतेरस के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हवेली खड़गपुर अनुमंडल के मुख्य बाजार में प्रशासनिक टीम ने कई होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में औचक छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद की गईं। प्रशासन ने जब्त की गई सभी एक्सपायरी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, त्योहारों के दौरान मिठाइयों, खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में ग्राहकों को खराब या एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जांच अभियान चलाया।

डोसा किंग और आशा होटल में मिली एक्सपायरी सामग्री

अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मुख्य बाजार स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच की।

जांच के दौरान डोसा किंग रेस्टोरेंट से लंबे समय से रखे हुए चिकन और भुने मसाले बरामद किए गए। वहीं, आशा होटल में स्ट्रिंग और पेप्सी कोल्ड ड्रिंक की दर्जनों बोतलें एक्सपायरी पाई गईं। इसके अलावा चिली सॉस और टोमेटो सॉस की कई बोतलें भी निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त होने के बाद रखी मिलीं।

प्रशासनिक टीम ने इन सभी सामग्रियों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया, ताकि इनका इस्तेमाल या बिक्री नहीं हो सके।

कई मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट में भी जांच

प्रशासन की कार्रवाई केवल दो प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रही। वैष्णवी स्वीट्स एंड स्नैक्स, रस कुंज, बिस्किट रेस्टोरेंट समेत शहर के दर्जनों होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में भी जांच अभियान चलाया गया।

अचानक हुई छापेमारी के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों में रखी खाद्य सामग्री की जांच करने और भंडारण व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए।

दुकानदारों को सख्त चेतावनी

इस दौरान एसडीओ प्रेम कुमार ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों की खरीदारी, बिक्री और भंडारण में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में एसडीपीओ अभय कुमार, अंचलाधिकारी जयप्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन, स्वच्छता पदाधिकारी मनीष कुमार, सब इंस्पेक्टर कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस जवान शामिल रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

धनतेरस पर पटना में धनवर्षा! 3800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार, 65 लाख का चांदी का मंदिर और 40 लाख का डायमंड सेट बिका

Exit mobile version