मुंगेर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अपने गृह जिले मुंगेर के कल्याणपुर पहुंचेंगे। यहां मां बड़ी दुर्गा महारानी के प्रांगण में गंगा तट पर आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इस दौरान वे 11 लाख 11 हजार 111 दीपों के प्रज्वलित होने के ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर हेलीकॉप्टर से कल्याणपुर पहुंचेंगे। वे करीब आधे घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री गंगा आरती में शामिल होंगे और अपने हाथों से पहला दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस दीपोत्सव में 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाने की तैयारी की गई है। इसे अयोध्या के बाद देश का दूसरा और बिहार का सबसे बड़ा दीपोत्सव बताया जा रहा है। मां बड़ी दुर्गा महारानी की आस्था और गंगा तट की पावन धरती पर आयोजित इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के आगमन और आयोजन की भव्यता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री के आगमन, हेलीपैड, आगमन एवं निकास मार्ग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने तथा कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल पर निगरानी रख रहे हैं।
लाखों दीपों से जगमगाएगा गंगा तट
इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर कल्याणपुर और आसपास के इलाकों में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मां बड़ी दुर्गा महारानी के प्रांगण और गंगा तट को लाखों दीपों से रोशन करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के स्वागत से लेकर गंगा आरती और दीप प्रज्वलन तक के कार्यक्रम को भव्य बनाने की योजना है।
11 लाख 11 हजार 111 दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने का यह आयोजन मुंगेर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में होने वाला यह दीपोत्सव कल्याणपुर के लिए यादगार अवसर बनने जा रहा है।
