मुंगेर : बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित इस दीपोत्सव में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाए गए, जिससे पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संदेश देती है: CM
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने के इस ऐतिहासिक अवसर पर लोगों के बीच उपस्थित होना उनके लिए बेहद प्रसन्नता की बात है। बिहार में इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन मुंगेर के कल्याणपुर की धरती पर होना गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम जब अधर्म पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे, तब दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी बिहारवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
मुंगेर-भागलपुर के बीच बनेगा 83 KM लंबा मरीन ड्राइव
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर और भागलपुर के विकास को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों के बीच लगभग 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
गंगा के पानी से किसानों के खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में आने वाली बाढ़ और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गंगा के जल का बेहतर प्रबंधन और उपयोग किसानों के हित में बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में 2 नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया गया है। इसके तहत गंगा नदी से गाद निकालने और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने पर काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न स्थानों पर बांध और जल संरचनाओं के माध्यम से गंगा का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी और किसानों को फसलों की बेहतर पैदावार में मदद मिलेगी।
2030 से पहले बिहार में ही मिलेगा रोजगार, बाहर जाने की मजबूरी होगी खत्म
मुख्यमंत्री ने बिहार में उद्योग, निवेश और रोजगार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे बिहार के किसी भी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों का विस्तार किया जाएगा, निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
PM मोदी और नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान सरकार उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां दुर्गा और भगवान श्रीराम से बिहार की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली की कामना की। साथ ही इतने भव्य आयोजन के लिए यूथ क्लब कल्याणपुर, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे और स्थानीय लोगों को बधाई दी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। वहीं, स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर फूल-मालाओं से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक मनोज यादव, विधान पार्षद एनके यादव, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण पोद्दार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
