Home राज्य छठ महापर्व को लेकर पटना जंक्शन पर हाई अलर्ट, 150 अतिरिक्त जवानों...

छठ महापर्व को लेकर पटना जंक्शन पर हाई अलर्ट, 150 अतिरिक्त जवानों की तैनाती; डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने संभाली कमान

0

पटना : बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस दौरान देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार अपने घर लौटते हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पटना जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

शनिवार को रेल एसएसपी रश्मि और सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रिय रंजन के नेतृत्व में पटना जंक्शन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे की जांच की।

150 अतिरिक्त जवानों की हुई तैनाती

छठ महापर्व के दौरान दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा और गुजरात समेत देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों लोग बिहार पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पटना जंक्शन पर तीन एजेंसियों के कुल 150 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। इनमें RPF के 75 जवान, GRP के 25 जवान और पटना जिला प्रशासन के 50 होमगार्ड जवान शामिल हैं।

इन जवानों को स्टेशन परिसर में नियमित गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्लेटफॉर्म से लेकर पार्किंग तक सघन जांच

सुरक्षा जांच अभियान के दौरान पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थलों की जांच की गई। महावीर मंदिर और करबिगहिया की तरफ स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों की भी तलाशी ली गई।

सुरक्षा टीम ने वाहनों की डिक्की खुलवाकर जांच की। वहीं, यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई, जबकि बम निरोधक दस्ते ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।

इस अभियान में RPF इंस्पेक्टर साकेत कुमार और GRP इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह समेत अन्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

नशाखुरानी गिरोह से सतर्क रहने की अपील

त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर नशाखुरानी गिरोह की सक्रियता को देखते हुए यात्रियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रेल पुलिस और RPF के जवानों ने यात्रियों, कुलियों और वाहन चालकों को जागरूक किया।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीजें स्वीकार न करें। अपने सामान की सुरक्षा खुद करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल रेल पुलिस अथवा RPF को दें।

अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा

पटना जंक्शन के अलावा दानापुर, पाटलिपुत्र और राजेंद्र नगर टर्मिनल पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती, नियमित गश्ती और विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

रेलवे सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि बिहार लौटने वाले लोगों की रेल यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

CM सम्राट चौधरी ने दी दीपावली की शुभकामनाएं, प्रदेशवासियों से सौहार्द और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील

Exit mobile version