Homeराज्यबिहार पुलिस में बड़ा बदलाव! पटना समेत 4 शहरों में बनेंगे पुलिस...

बिहार पुलिस में बड़ा बदलाव! पटना समेत 4 शहरों में बनेंगे पुलिस जोन, 20 नए पदों का हुआ सृजन; जानिए किसे मिलेगी कौन-सी जिम्मेदारी

पटना : बिहार में पुलिस प्रशासन की व्यवस्था में एक बार फिर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य में करीब सात साल बाद जोनल पुलिस व्यवस्था को दोबारा मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में चार पुलिस जोन बनाए गए हैं। इन जोन के माध्यम से राज्य के 12 पुलिस रेंज की निगरानी की जाएगी। खास बात यह है कि नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए गृह विभाग ने 20 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है।

दरअसल, बिहार में वर्ष 2019 में पुरानी जोनल व्यवस्था समाप्त कर पुलिस रेंज की संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई थी। अब प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने और पुलिस व्यवस्था की निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से जोनल सिस्टम को फिर से लागू किया जा रहा है।

नई व्यवस्था के तहत पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर को चार प्रमुख पुलिस जोन बनाया गया है। प्रत्येक जोन के अंतर्गत तीन-तीन पुलिस रेंज रखे गए हैं। जोन की कमान आईजी स्तर के अधिकारी संभालेंगे, जबकि संबंधित रेंज में डीआईजी स्तर के अधिकारी काम करेंगे।

पटना जोन के अंतर्गत केंद्रीय क्षेत्र पटना, मगध क्षेत्र गया और शाहाबाद क्षेत्र डेहरी को रखा गया है।

मुजफ्फरपुर जोन में तिरहुत क्षेत्र मुजफ्फरपुर, चंपारण क्षेत्र बेतिया और सारण क्षेत्र छपरा शामिल होंगे।

दरभंगा जोन के अंतर्गत मिथिला क्षेत्र दरभंगा, कोसी क्षेत्र सहरसा और पूर्णिया क्षेत्र आएंगे।

वहीं, भागलपुर जोन में पूर्वी क्षेत्र भागलपुर, मुंगेर क्षेत्र और बेगूसराय क्षेत्र को शामिल किया गया है। रेल पुलिस क्षेत्र को इस व्यवस्था से अलग स्वतंत्र रखा जाएगा।

नई व्यवस्था के संचालन के लिए गृह विभाग ने कुल 20 नए पद बनाए हैं। इनमें चार डीआईजी, चार एसपी स्तर के पद, चार सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, एक प्रशाखा पदाधिकारी, तीन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, दो उच्च वर्गीय लिपिक और दो निम्न वर्गीय लिपिक के पद शामिल हैं।

इसके अलावा बेगूसराय में डीआईजी का नया कार्यालय भी स्थापित किया जाएगा। चारों जोनल कार्यालयों को प्रशासनिक कामकाज के लिए अतिरिक्त अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments