Homeराज्यदिल्ली से पटना के लिए एक और वंदे भारत: 11 नवंबर से...

दिल्ली से पटना के लिए एक और वंदे भारत: 11 नवंबर से चलाने की तैयारी, अलीगढ़-कानपुर-प्रयागराज होते हुए पहुंचेगी बिहार

डेस्क : छठ महापर्व के मौके पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली से पटना के बीच सफर करने वाले लोगों को जल्द ही एक और वंदे भारत स्पेशल ट्रेन की सुविधा मिल सकती है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर रेलवे ने एक और वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस ट्रेन को 11 नवंबर से चलाने की तैयारी है। प्रस्ताव के मुताबिक, ट्रेन नई दिल्ली से चलकर अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज होते हुए पटना पहुंचेगी।

दरअसल, दीपावली और छठ के दौरान दिल्ली, मुंबई और देश के दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में बिहार के लोग अपने घर लौटते हैं। इस वजह से नियमित ट्रेनों में सीटों की भारी मांग रहती है। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 02258 नई दिल्ली से पटना के लिए 11 नवंबर को रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 02257 पटना से नई दिल्ली के लिए 12 नवंबर को चलेगी। दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाने की योजना है।

प्रस्ताव के मुताबिक, नई दिल्ली से यह ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होगी। इसके बाद अलीगढ़ में सुबह 6:28 बजे, कानपुर में सुबह 10 बजे और प्रयागराज में दोपहर 12:30 बजे पहुंचेगी।

इसके बाद ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 12 नवंबर को पटना से सुबह 8 बजे ट्रेन रवाना होगी। आरा, बक्सर, डीडीयू, प्रयागराज, कानपुर और अलीगढ़ होते हुए रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, नई दिल्ली से पटना के बीच लगभग 995.6 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन करीब 13 घंटे 30 मिनट में तय करेगी। ट्रेन में 16 कोच का वंदे भारत रैक लगाने की योजना है।

हालांकि, यात्रियों को यह ध्यान रखना होगा कि फिलहाल यह ट्रेन रेलवे का प्रस्ताव है। उत्तर रेलवे ने इसके संचालन के लिए संबंधित रेल जोनों से सहमति मांगी है। पूर्व मध्य रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद ही संचालन और टिकट बुकिंग की आधिकारिक घोषणा होगी। अगर प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाती है, तो छठ पर बिहार आने वाले यात्रियों को दिल्ली से पटना के लिए एक और तेज रफ्तार ट्रेन का विकल्प मिल सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments