Homeराज्यसोना-चांदी के भाव में गिरावट, सरसों तेल और चीनी की कीमतों में...

सोना-चांदी के भाव में गिरावट, सरसों तेल और चीनी की कीमतों में उछाल; जानें दाल-चावल के ताजा रेट

भागलपुर। स्थानीय बाजारों में रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की कीमतों में फिलहाल मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। कुछ चुनिंदा दालों और खाद्य तेलों के दाम बढ़े हैं, जबकि आटा, चना दाल और मसूर दाल जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दूसरी ओर, सर्राफा बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच सोने और चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई है। इससे खरीदारों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन दोनों कीमती धातुओं के दाम अब भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं।

सोना-चांदी की कीमतों में आई नरमी

भागलपुर के सर्राफा बाजार में पिछले एक महीने से सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। करीब 20 दिन पहले सोने के भाव में कुछ गिरावट आई थी, लेकिन इसके बाद कीमतों में अचानक तेजी देखने को मिली। अब एक बार फिर दोनों कीमती धातुओं के भाव नीचे आए हैं।

ताजा बाजार दर के अनुसार, 24 कैरेट सोना 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया है। वहीं, चांदी की कीमत करीब 1.90 लाख रुपये प्रति किलोग्राम बताई जा रही है। हालांकि गिरावट के बावजूद कीमतें आम खरीदारों की पहुंच से काफी ऊपर बनी हुई हैं।

सरसों तेल के डिब्बे में 775 रुपये तक की बढ़ोतरी

खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। कारोबारियों के मुताबिक, 15 किलोग्राम वाले मंगल सरसों तेल के डिब्बे की कीमत तीन महीने पहले 2,475 रुपये थी, जो पहले बढ़कर 2,800 रुपये और अब 3,250 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, कलश ब्रांड का 15 किलो वाला डिब्बा 3,270 रुपये में बिक रहा है।

रिफाइन पाम तेल का 13 लीटर वाला टिन पिछले दो महीने से 2,350 से 2,450 रुपये के बीच बना हुआ है। जबकि 15 किलो वनस्पति घी का जार 2,480 रुपये में उपलब्ध है।

कतरनी चावल और चीनी के भाव में तेजी

अनाज और किराना बाजार में कतरनी चावल की मांग बनी हुई है। इसकी गुणवत्ता और खुशबू के आधार पर कीमत 80 से 160 रुपये प्रति किलो तक है। वहीं, स्वर्णा चावल 40 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रहा है। कतरनी चूड़ा 110 से 130 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

चीनी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। 50 किलो की बोरी का भाव पहले 2,300 रुपये था, जो बढ़कर 3,200 रुपये हुआ और अब 3,350 रुपये तक पहुंच गया है। दूसरी ओर, गेहूं का सामान्य आटा 35 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है।

दालों में अरहर और उड़द महंगी

दाल मंडी में चना और मसूर दाल 72 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है। अरहर दाल की कीमत 120 से 130 रुपये प्रति किलो है। मूंग दाल 98 रुपये और उड़द यानी कलाई दाल 105 से 115 रुपये प्रति किलो उपलब्ध है।

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह का लगन शुरू होने से बाजार में मांग बढ़ सकती है। बाहरी मंडियों से आवक और मांग की स्थिति के आधार पर खाद्य पदार्थों की कीमतों में आगे भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

भागलपुर मंडी के ताजा भाव

सामग्री ताजा कीमत
24 कैरेट सोना 1,45,000 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना 1,33,000 प्रति 10 ग्राम
चांदी 1.90 लाख प्रति किलो
चना व मसूर दाल 72 प्रति किलो
अरहर दाल 120–130 प्रति किलो
मूंग दाल 98 प्रति किलो
कलाई (उड़द) दाल 105–115 प्रति किलो
कतरनी चावल 80–160 प्रति किलो
स्वर्णा चावल 40 प्रति किलो
कतरनी चूड़ा 110–130 प्रति किलो
गेहूं का आटा 35 प्रति किलो
चीनी (50 किलो) 3,350 प्रति बोरी
मंगल सरसों तेल (15 किलो) 3,250 प्रति डिब्बा
कलश सरसों तेल (15 किलो) 3,270 प्रति डिब्बा
रिफाइन पाम तेल (13 लीटर) 2,350–2,450
वनस्पति घी (15 किलो) 2,480 प्रति जार

नोट: ये स्थानीय बाजार में बताई गई दरें हैं। अलग-अलग दुकानों, ब्रांड और गुणवत्ता के अनुसार कीमतों में अंतर हो सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments