Home राज्य रोहिणी आचार्य के बयान पर विधायक रोमित कुमार का पलटवार, बोले- विपक्ष...

रोहिणी आचार्य के बयान पर विधायक रोमित कुमार का पलटवार, बोले- विपक्ष फैला रहा अराजकता; अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

0

गयाजी। बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य के सोशल मीडिया पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी के विधायक रोमित कुमार ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने विपक्ष पर अराजकता को बढ़ावा देने और अपराध के मुद्दे पर बेवजह राजनीति करने का आरोप लगाया। विधायक ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में सरकार और पुलिस पीछे नहीं हटेगी।

विधायक रोमित कुमार ने कहा कि विपक्ष के नेता अराजकता की मानसिकता से काम कर रहे हैं। दिल्ली से लेकर बिहार तक प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि राज्य में कहीं भी आपराधिक घटना होती है तो पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पटना में हुई एनकाउंटर की घटना का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने से पहले पूरे मामले को समझना चाहिए। अगर पुलिस अपराधियों को पकड़ने जाती है और अपराधी पुलिस पर गोली चलाते हैं, तो पुलिस हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती। ऐसी स्थिति में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा नहीं मिलेगी तो उनका मनोबल बढ़ेगा और अपराध को बढ़ावा मिलेगा।

90 के दशक की कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा

रोमित कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में 90 के दशक के दौरान अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उस दौर में अपराध की घटनाएं होती थीं, लेकिन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती थी। आज सरकार अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस जवाबी कार्रवाई भी करेगी।

विधायक ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

‘एनडीए में फिर खेला होगा’ बयान पर भी साधा निशाना

मनेर विधायक भाई वीरेंद्र के ‘एनडीए में फिर खेला होगा’ वाले बयान पर भी रोमित कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता अक्सर इस तरह के बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। एनडीए के सभी पांचों घटक दल मजबूती से एकजुट हैं और गठबंधन के भीतर किसी तरह का विवाद नहीं है।

उन्होंने एनडीए की एकजुटता की तुलना पांच पांडवों से करते हुए कहा कि गठबंधन मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। विधायक ने आरोप लगाया कि विपक्ष को अपने समर्थकों और विधायकों के खिसकने का डर सता रहा है। इसी वजह से ‘खेला होगा’ जैसे बयान दिए जा रहे हैं।

रोमित कुमार ने कहा कि एनडीए की सरकार मजबूती से काम कर रही है और विपक्ष के बयानों से गठबंधन की एकजुटता पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

BRABU का 1234 करोड़ रुपये का बजट सीनेट में होगा पेश, वेतन-पेंशन पर खर्च होंगे करीब 799 करोड़

Exit mobile version