डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले राज्य की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतंत्र को कुचलने वाले प्रधानमंत्री यहां आ रहे हैं। तेजस्वी ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठाए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के बिहार आने और योजनाओं का फीता काटने से जनता का भला नहीं होने वाला है। जनता को रोजगार, महंगाई से राहत और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन बुनियादी मुद्दों पर सरकार कब जवाब देगी?
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के श्रेय पर सवाल
तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल परियोजना का जिक्र करते हुए इसके श्रेय को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना की शुरुआत महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उनका आरोप है कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना का उद्घाटन कर इसका श्रेय लेने बिहार आ रहे हैं।
तेजस्वी ने कहा कि काम उनकी सरकार के समय शुरू हुआ था और अब उद्घाटन के जरिए उसका श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। इस बयान के बाद पुल परियोजना को लेकर राजनीतिक श्रेय लेने की बहस भी तेज हो गई है।
पांच लाख नौकरियां देने का किया दावा
रोजगार के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में पांच लाख नौकरियां दी गईं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में महंगाई और बेरोजगारी बड़ी समस्या बनी हुई है। सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
‘दिमागी नक्सली’ बयान पर भी दिया जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि अगर देश में बेरोजगारी और महंगाई खत्म हो जाती, तो लोगों को सवाल पूछने की जरूरत ही नहीं पड़ती।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने अपने 37वें जन्मदिन के मौके पर भी प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर तंज कसा। ऐसे में पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले बिहार में बीजेपी और आरजेडी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान इन आरोपों और सवालों पर बीजेपी की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।




Users Today : 516
Who's Online : 13