Home राज्य प्रशांत किशोर, सम्राट चौधरी और रोहिणी आचार्य की मुलाकात पर बोले श्याम...

प्रशांत किशोर, सम्राट चौधरी और रोहिणी आचार्य की मुलाकात पर बोले श्याम रजक, कहा- यही प्रजातंत्र की खूबसूरती

0
264
पटना: बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की एक साथ बैठकर बातचीत और चाय की चुस्की लेने की तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस पूरे मामले पर जदयू विधायक श्याम रजक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

श्याम रजक ने कहा कि इसमें कोई राजनीतिक कारण नहीं है। यह प्रजातंत्र की खूबसूरती और हमारी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में अलग-अलग मुद्दों पर नेताओं के बीच मतभेद और आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आपस में बातचीत नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा, “हम लोग कई मुद्दों पर एक-दूसरे पर आरोप लगाते हैं, क्योंकि कई मामलों में हमारी एकजुटता नहीं है। लेकिन साथ बैठकर बातचीत करना और मिलना-जुलना प्रजातंत्र की खूबसूरती है। जब मुद्दों की बात आएगी तो हम लोग अपने-अपने तरीके से अलग-अलग प्रहार करेंगे। यही बिहार की राजनीति की खूबसूरती है।”

प्रधानमंत्री के दौरे से बिहार को मिलेगा बड़ा तोहफा

प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर भी श्याम रजक ने उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से राज्य के परिवहन और उद्योग-धंधों के क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद है। नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार में आधारभूत संरचना को मजबूत करने का काम किया है। अब राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति मिलने की संभावना है।

श्याम रजक ने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार को परिवहन के क्षेत्र में बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। इसके साथ ही उद्योग-धंधों के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के लिए काफी अच्छा रहने वाला है और इससे कई क्षेत्रों को फायदा मिल सकता है।

202 विधायकों के साथ एकजुट है एनडीए: श्याम रजक

बिहार की राजनीति में संभावित राजनीतिक उलटफेर और आंकड़ों के आधार पर सरकार बनने की चर्चाओं पर श्याम रजक ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और विपक्ष के पास सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या नहीं है।

उन्होंने कहा, “छोड़िए इन सब बातों को। विपक्ष कहां से 202 का आंकड़ा लाएगा? हम लोग 202 हैं। विपक्ष किसे तोड़ेगा? इसलिए इन बातों से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। हम पूरी तरह एक साथ हैं और एक साथ रहेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की राजनीति में संभावनाओं की चर्चा हमेशा होती रहती है, लेकिन इस बार ऐसी कोई राजनीतिक परिस्थिति बनने वाली नहीं है।

श्याम रजक के इस बयान से साफ है कि जदयू फिलहाल प्रशांत किशोर, सम्राट चौधरी और रोहिणी आचार्य की मुलाकात को सामान्य राजनीतिक मेलजोल के रूप में देख रहा है। वहीं, एनडीए की एकजुटता को लेकर भी पार्टी की ओर से स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
छठ व्रतियों के बीच कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के सामने पूजन सामग्री का वितरण, 12 वर्षों से जारी है सेवा कार्य राज्य

छठ व्रतियों के बीच कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के सामने पूजन सामग्री का वितरण, 12 वर्षों से जारी है सेवा कार्य