असम से इस वक्त की बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
यह हादसा गोलाघाट जिले के कोहोरा रेंज में नेशनल हाईवे-715 पर हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। टक्कर के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण मिनी बस का चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
हादसे में घायल लोगों को तत्काल कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है। क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इस दर्दनाक हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में हुई जनहानि बेहद दुखद है। उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
असम के काजीरंगा में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में 20 से अधिक लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।
मंगल पांडेय ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य और घायलों के इलाज पर प्रशासन का ध्यान केंद्रित है।




Users Today : 102
Who's Online : 2