Home राज्य बिरसा मुंडा जयंती पर CM सम्राट ने दी श्रद्धांजलि, छठ की शुभकामनाओं...

बिरसा मुंडा जयंती पर CM सम्राट ने दी श्रद्धांजलि, छठ की शुभकामनाओं के साथ टीम इंडिया को दी बधाई

0
367

पटना : बिहार में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पटना में सिंचाई भवन के निकट 42, क्रांति मार्ग के तिकोन पर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पर राजकीय जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद डॉ. भीम सिंह, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद डॉ. राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता और पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके इसी योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहारवासियों और देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से बिहार में सुख, शांति और समृद्धि आए।

मुख्यमंत्री ने अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय युवा टीम की जीत पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है और एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।

सम्राट चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने जज्बे, प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने नीतीश सेतु के नामकरण पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सेतु की नींव रखी थी। बिहार के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का सहयोग और मार्गदर्शन राज्य को पहले भी मिलता रहा है और आज भी मिल रहा है। इसी योगदान और सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस सेतु का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
औंगारी के सूर्य मंदिर तालाब में संध्याकालीन अर्घ्य शुरू, 1000 से अधिक घाटों पर प्रशासन अलर्ट राज्य

औंगारी के सूर्य मंदिर तालाब में संध्याकालीन अर्घ्य शुरू, 1000 से अधिक घाटों पर प्रशासन अलर्ट