Home राज्य पटना में छठ के दिन करोड़ों की चोरी! परिवार सूर्य मंदिर में...

पटना में छठ के दिन करोड़ों की चोरी! परिवार सूर्य मंदिर में दे रहा था अर्घ्य, पीछे से घर का ताला तोड़कर 2 करोड़ के जेवर ले उड़े चोर

0
428

पटना: बिहार की राजधानी पटना में छठ महापर्व के अंतिम दिन चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जिस वक्त पूरा परिवार भगवान सूर्य को अर्घ्य देने सूर्य मंदिर घाट गया था, उसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया। चोर दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित चक बैरिया गांव की है।

जानकारी के मुताबिक, चक बैरिया गांव में स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के बेटे अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का दो मंजिला मकान है। दोनों परिवारों के सदस्य छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह करीब पांच बजे बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने गए थे। घर के चार कमरों में ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने सबसे पहले मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद पहली और दूसरी मंजिल के चारों कमरों में रखी अलमारी, दीवान, पलंग, पेटी और बक्सों के ताले तोड़ डाले। घर में रखे सोने के कीमती जेवरात समेटकर चोर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने सोने के गहनों के खाली डिब्बे कमरों में ही छोड़ दिए, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया।

जब परिवार के सदस्य सूर्य मंदिर से अर्घ्य देकर घर लौटे तो मुख्य गेट का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर पहुंचने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से जेवरात गायब थे। चोरी हुए गहनों में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और उनकी मां के जेवरात शामिल हैं।

अरुण सिंह की मां रेणु सिंह और पत्नी कुमारी पूनम देवी ने छठ व्रत किया था। परिवार में पर्व की खुशियां थीं, लेकिन इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाने की पुलिस जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार के मुताबिक, घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, लेकिन आसपास के घरों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, चोरों ने केवल सोने के जेवरात को निशाना बनाया और चांदी के सामान को छोड़ दिया। ऐसे में पुलिस इस आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वालों को घर और वहां रखे कीमती सामान की जानकारी थी या नहीं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस आशीर्वाद कॉलोनी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चक बैरिया में चोरी की वारदात हुई। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की पहचान करने में जुटी है। छठ जैसे बड़े पर्व के दिन हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
रबी फसल बीमा के लिए आवेदन शुरू, 15 जनवरी तक उठा सकेंगे योजना का लाभ राज्य

रबी फसल बीमा के लिए आवेदन शुरू, 15 जनवरी तक उठा सकेंगे योजना का लाभ