Home राज्य बिहार में दूध उत्पादन दोगुना करने का लक्ष्य, 2030 तक रोजाना 1...

बिहार में दूध उत्पादन दोगुना करने का लक्ष्य, 2030 तक रोजाना 1 करोड़ लीटर दूध उत्पादन करेंगे: सम्राट चौधरी

0
21

पटना : बिहार में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सम्राट सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्ष 2030 तक राज्य में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल बिहार में रोजाना करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। सरकार का उद्देश्य बिहार को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।

गुरुवार को पटना में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह घोषणा की। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डेयरी सेक्टर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालन, डेयरी विकास और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री गौधन योजना के तहत अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने के लिए पशुपालकों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

सुधा के जरिए बिहार के उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार

सम्राट चौधरी ने कहा कि सुधा ने अपनी गुणवत्ता के दम पर देशभर में पहचान बनाई है। असम में एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किया गया है, जबकि पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता का यूनिट शुरू करने की तैयारी है। इसके जरिए बिहार के दुग्ध उत्पादकों को दूसरे राज्यों में भी बाजार मिलेगा।

इसके साथ ही मखाना की खीर, रबड़ी और बिहार के अन्य पारंपरिक उत्पादों को भी सुधा के माध्यम से राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाएगा।

बकरी के दूध के उत्पादन और बिक्री पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गाय-भैंस के साथ बकरी पालन को भी बढ़ावा देगी। सुधा के माध्यम से बकरी के दूध के संग्रहण और विपणन के लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पशुपालन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखियां भी तैयार की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2030 से पहले बिहार की एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

हर प्रखंड में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र

पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रत्येक प्रखंड में पशु औषधि केंद्र खोलेगी। यहां पशुओं के इलाज के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा पशुधन से प्राप्त संसाधनों का इस्तेमाल जैविक खाद और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में किया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार ने कंप्रेस्ड बायोगैस यानी CBG नीति भी बनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों, पशुपालकों और महिलाओं की आमदनी बढ़ाकर बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि डेयरी और पशुपालन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने से बिहार आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
संविधान दिवस पर बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पदयात्रा, वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध बनाने की योजना राज्य

संविधान दिवस पर बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पदयात्रा, वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध बनाने की योजना