Home राज्य संविधान दिवस पर बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पदयात्रा, वाल्मीकिनगर से...

संविधान दिवस पर बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पदयात्रा, वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध बनाने की योजना

0
9

बेतिया:  संविधान दिवस के अवसर पर पश्चिम चंपारण के बेतिया में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा सह ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सागर पोखरा से राज देवढ़ी परिसर तक लगभग दो किलोमीटर की पदयात्रा की। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल-माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

पदयात्रा के बाद राज देवढ़ी परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि चंपारण की धरती ऐतिहासिक और गौरवशाली है। इसी धरती ने महात्मा गांधी को बापू बनाया और देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। आज चंपारण की जनता का समर्थन लोकतंत्र और संविधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान समर्पित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने 1974 के जेपी आंदोलन और 1975 में लागू आपातकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को समर्थन दिया और सरकार विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और उद्योग स्थापना पर काम हो रहा है। वैशाली में 1200 एकड़ भूमि पर इलेक्ट्रॉनिक पार्क स्थापित करने की योजना है, जिसमें लगभग 50 हजार करोड़ रुपये निवेश और एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2027 तक एक करोड़ गरीब एवं पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। अब तक लगभग 25 लाख परिवारों को राशन कार्ड दिया जा चुका है। सहयोग कार्यक्रम के तहत प्राप्त 10.50 लाख आवेदनों में से 10 लाख 12 हजार आवेदनों का निष्पादन किया गया है।

शिक्षा और विकास योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि 700 मॉडल विद्यालयों के रूप में सरस्वती विद्या निकेतन शुरू किए गए हैं। ऑनलाइन शिक्षण और कंप्यूटरीकृत पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि पुराने कॉलेजों में 10 हजार प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।

वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध निर्माण की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में अत्यधिक बारिश के कारण बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या उत्पन्न होती है। इससे राहत दिलाने के लिए वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। पश्चिम चंपारण के विकास के लिए वाल्मीकिनगर और रक्सौल में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

उन्होंने किसानों से अपील की कि बारिश या नदी की गाद से फसल नुकसान होने पर प्रखंड कार्यालय में आवेदन करें, ताकि नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

वाल्मीकिनगर बनेगा प्रमुख पर्यटन केंद्र

मुख्यमंत्री ने वाल्मीकिनगर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े पर्यटन स्थलों के विकास के साथ होटल और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। लव-कुश पार्क का निर्माण कराया जा रहा है तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सांसद सुनील कुमार, विधायक मंगल पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, एनडीए कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
संविधान दिवस पर मोना लॉ कॉलेज में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह राज्य

संविधान दिवस पर मोना लॉ कॉलेज में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह