Home राज्य आनंद मोहन मामले पर विजेंद्र यादव बोले- सुप्रीम कोर्ट के आदेश का...

आनंद मोहन मामले पर विजेंद्र यादव बोले- सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करना होगा, निशांत को जिम्मेदारी देने का फैसला सही

0
38

पटना : बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय है और इस मामले को बेवजह तूल नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अदालत का आदेश है, इसे मानना ही पड़ेगा।

आनंद मोहन के मामले को लेकर उनसे पूछा गया कि जदयू विधायक चेतन आनंद इस मुद्दे पर बैठक कर रहे हैं। इस पर विजेंद्र यादव ने कहा कि बैठक करने का क्या मतलब है? इसमें कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है और उसका पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने इस मामले को राजनीतिक विवाद बनाने से बचने की बात कही।

वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव की टिप्पणी, जिसमें उन्होंने सरकार पर अपने फायदे के लिए लोगों को रिहा करने और अब उन्हें वापस जेल भेजने का आरोप लगाया था, पर विजेंद्र यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विरोधी दल के नेता हैं, वे बोलते रहेंगे। उनके बोलने का क्या मतलब है? विजेंद्र यादव ने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार दिया।

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर भी दिया बयान

केंद्र सरकार की ओर से महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर विजेंद्र यादव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधेयक आ रहा है, यह अच्छी बात है। विपक्ष को विरोध करना है तो करे, इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन महिला आरक्षण के पक्ष में है और कौन विरोध में।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस के शासनकाल में भी चर्चा और प्रयास होते रहे हैं। यदि सरकार के पास बहुमत नहीं है तो उसे बहुमत जुटाने की दिशा में प्रयास करना होगा। हालांकि, अगर विधेयक का विरोध होता है तो सरकार विरोध की स्थिति को भी देखेगी।

निशांत कुमार को जिम्मेदारी देने पर जताई खुशी

जदयू में निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के फैसले पर विजेंद्र यादव ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल सही और बहुत अच्छा फैसला है। निशांत कुमार को पहले से ही जिम्मेदारी मिलती रही है और पार्टी में उनकी भूमिका को आगे बढ़ाना सकारात्मक कदम है।

विजेंद्र यादव के बयान से साफ है कि जदयू आनंद मोहन मामले को न्यायिक आदेश के रूप में देख रही है, जबकि पार्टी में निशांत कुमार की बढ़ती भूमिका को लेकर भी नेतृत्व सकारात्मक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
आनंद मोहन मामले पर राजद का बयान, भाई वीरेंद्र बोले- कोर्ट का फैसला मानना होगा, आने वाला कल तेजस्वी का है राज्य

आनंद मोहन मामले पर राजद का बयान, भाई वीरेंद्र बोले- कोर्ट का फैसला मानना होगा, आने वाला कल तेजस्वी का है