Home राज्य पटना में 360वें प्रकाश पर्व की तैयारी तेज, टेंट सिटी के पानी...

पटना में 360वें प्रकाश पर्व की तैयारी तेज, टेंट सिटी के पानी को साफ करने के बाद ही गंगा में छोड़ा जाएगा

0
5

पटना : आगामी 360वें प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। देश-विदेश से पटना साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने विशेष इंतजाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने अधिकारियों और अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सड़क, बिजली, जलनिकासी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पटना सिटी से लेकर गांधी मैदान और पटना साहिब तक पूरे मार्ग पर विशेष साफ-सफाई और नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी बनाई जाएगी। यहां से निकलने वाले अपशिष्ट जल को सीधे गंगा में नहीं छोड़ा जाएगा। इसके लिए अस्थायी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाया जाएगा। नगर आयुक्त ने बुडको के अधिकारियों को टेंट सिटी के पास एसटीपी लगाने के लिए उपयुक्त जगह चिह्नित करने का निर्देश दिया है। अपशिष्ट जल को निर्धारित मानकों के अनुसार साफ करने के बाद ही गंगा में प्रवाहित किया जाएगा।

पटना सिटी की संकरी गलियों में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए अस्थायी संग्रहण गड्ढे बनाए जाएंगे। टेंट सिटी में हैंडवॉश और वॉशबेसिन से निकलने वाले पानी को इन गड्ढों में जमा किया जाएगा। इसके बाद सुपर सकर मशीन से नियमित रूप से पानी निकाला जाएगा। इससे गलियों में गंदगी और जलजमाव की समस्या रोकने में मदद मिलेगी।

नगर निगम की ओर से श्री हरमंदिर जी के आसपास की गलियों में पक्कीकरण और नाला निर्माण कराया जाएगा। बाड़े की गली और श्री हरमंदिर जी की गली की सड़कों की मरम्मत भी की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख नालों की उड़ाही, मरम्मत और जलनिकासी के लिए पंप एवं पाइपलाइन की व्यवस्था की जाएगी।

प्रकाश पर्व के दौरान पटना साहिब की गलियों में एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। खराब स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट की मरम्मत कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए सार्वजनिक और चलंत शौचालय, यूरिनल, पेयजल और अस्थायी प्याऊ की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही नियमित फॉगिंग और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए कंगन घाट से तख्त श्री हरमंदिर जी और गुरु का बाग तक स्थायी सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी तैयारियों की डिजिटल मैपिंग और डैशबोर्ड तैयार करने का निर्देश दिया है। सीसीटीवी कैमरे, डस्टबिन, अस्थायी शौचालय और पाइपलाइन सहित सभी कार्यों की GPS टैगिंग भी अनिवार्य की गई है।

नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। नगर निगम की कोशिश है कि 360वें प्रकाश पर्व के दौरान पटना साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
गया के कुख्यात भगत यादव पर EOU का बड़ा एक्शन, 10 ठिकानों पर छापेमारी; 7790 डिसमिल जमीन का खुलासा राज्य

गया के कुख्यात भगत यादव पर EOU का बड़ा एक्शन, 10 ठिकानों पर छापेमारी; 7790 डिसमिल जमीन का खुलासा