Homeविश्व समाचारपाकिस्तान ने बलूचिस्तान के सुराब जिले में लगाया कर्फ्यू, खुज़दार में बाजार...

पाकिस्तान ने बलूचिस्तान के सुराब जिले में लगाया कर्फ्यू, खुज़दार में बाजार बंद रखने का आदेश

रात 8 बजे से सुबह 9 बजे तक आवाजाही पर रोक

क्वेटा, 10 अगस्त : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सुराब जिले में कर्फ्यू लागू कर दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह प्रतिबंध 09 से 15 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन रात 8 बजे से सुबह 9 बजे तक लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में कर्फ्यू लगाने के पीछे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति को वजह बताया गया है। लोगों से सुरक्षा संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और कर्फ्यू की अवधि में घरों में रहने को कहा गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों को उनके कृत्यों से होने वाले संभावित नुकसान के लिए स्वयं जिम्मेदार बताया गया है।

इसी बीच, खुज़दार जिले में भी प्रशासन ने व्यावसायिक गतिविधियों पर रात के समय रोक लगाने का आदेश दिया है। उप-आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी बाजार, दुकानें, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान रात 8 बजे से सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगे। यह आदेश अगले निर्देश तक लागू रहेगा।

बलूचिस्तान में सुरक्षा हालात को लेकर मानवाधिकार संगठनों की चिंताएं भी लगातार सामने आती रही हैं। बलोच नेशनल मूवमेंट के मानवाधिकार विभाग पांक ने पिछले महीने दावा किया था कि सुराब के निगार इलाके से 19 वर्षीय मजदूर सईद अहमद को 12 जुलाई को कथित तौर पर जबरन लापता कर दिया गया।

खुज़दार में बलोच नागरिक इनायतुल्लाह जट्टक की हत्या को लेकर भी बलोच कार्यकर्ताओं और मानवाधिकार समूहों ने चिंता जताई है।

बलोच वॉयस फॉर जस्टिस के अनुसार, जट्टक की 04 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संगठन का दावा है कि इससे कुछ घंटे पहले उनकी बेटी अस्मा जट्टक ने सार्वजनिक रूप से अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments