पश्चिमी सिंहभूम, 09 अगस्त : पश्चिमी सिंहभूम जिला में 174वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का 22वां स्थापना दिवस रविवार को जिला पुलिस लाइन चाईबासा स्थित वाहिनी मुख्यालय में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट मनोज डंग ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देकर की। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली और गार्ड का निरीक्षण किया।
स्थापना दिवस के मौके पर कमांडेंट मनोज डंग ने वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 174वीं वाहिनी ने अपने गठन के बाद से देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रहित में लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने वाहिनी के गौरवशाली सफर और विभिन्न अभियानों में हासिल की गई उपलब्धियों को भी साझा किया।
उन्होंने बताया कि 174वीं वाहिनी की स्थापना 9 अगस्त 2004 को ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ बैंगलोर में हुई थी। करीब एक वर्ष के बुनियादी प्रशिक्षण के बाद वाहिनी को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम स्थित जवाहर टनल के समीप तैनात किया गया। वहां लगभग तीन वर्षों तक टनल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के बाद 16 अप्रैल 2008 को श्रीनगर के संत नगर क्षेत्र में वाहिनी की तैनाती हुई। इस दौरान एयरपोर्ट समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा का दायित्व जवानों ने संभाला।
इसके बाद 6 मार्च 2012 को 174वीं वाहिनी का मुख्यालय जिला पुलिस लाइन चाईबासा में स्थानांतरित किया गया। चाईबासा में तैनाती के बाद वाहिनी की विभिन्न कंपनियों को कोल्हान और सारंडा के नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान के लिए भेजा गया। कमांडेंट ने बताया कि वर्ष 2012 से अब तक वाहिनी के जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार अभियान चलाकर नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन अभियानों के दौरान कई नक्सलियों की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण कराने के साथ ही आईईडी, हथियार और गोला-बारूद बरामद कर उन्हें नष्ट किया गया।
स्थापना दिवस समारोह के दौरान जवानों के लिए विशेष सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं और बड़े खाने का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी रजनीश कुमार, उप कमांडेंट धर्मेन्द्र नारायण सिंह, उप कमांडेंट शांति किस्कू, सहायक कमांडेंट गजेन्द्र सिंह सोंनिग्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी चौहान, चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार सहित वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।
