Homeराज्यसावन के दूसरे सोमवारी पर अशोक धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,जिला...

सावन के दूसरे सोमवारी पर अशोक धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,जिला प्रशासन की व्यवस्था से श्रद्धालु संतुष्ट

लखीसराय 10 अगस्त:  सावन माह के दूसरे सोमवारी के अवसर पर सोमवार को लखीसराय जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार की मध्य रात्रि से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। सुबह होते-होते पूरा परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।

बिहार के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी लाखों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर से लेकर मुख्य द्वार तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कतारबद्ध होकर भक्तों ने शिवलिंग पर जल अर्पित किया और मनोकामनाएं मांगीं। पूरे परिसर का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय रहा। श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का संगम साफ दिखाई दे रहा था।

इस अवसर पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने अपर समाहर्ता नीरज कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार,एसडीपीओ शिवम कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ अशोक धाम मंदिर परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सावन के शेष सोमवारी में भी इसी प्रकार की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा इस बार व्यापक प्रबंध किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पेयजल की व्यवस्था, एलईडी लाइट की रोशनी, नियमित साफ-सफाई और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किए गए थे। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और कतार प्रबंधन की व्यवस्था की गई थी। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रित रही।निरीक्षण के उपरांत डीएम ,अपर समाहर्ता एवं अन्य अधिकारियों ने अशोक धाम रेलवे स्टेशन का भी भ्रमण किया। उन्होंने रेलवे द्वारा निर्गत रूट चार्ट का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में अतिरिक्त होल्डिंग एरिया, पेयजल और सफाई व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर और स्टेशन परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से सीधे संवाद भी किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष की व्यवस्था पूर्व की अपेक्षा काफी बेहतर है। पहले जहां कीचड़ और अव्यवस्था की शिकायतें आती थीं, इस बार वह समस्या नहीं दिखी। आवागमन सुगम है और प्रशासनिक सहयोग भी समय पर मिल रहा है। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की।

लखीसराय से सरफराज आलम की रिपोर्ट

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments