Homeदेशअब भारत को कोई नहीं रोक सकता’: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

अब भारत को कोई नहीं रोक सकता’: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई, 10 अगस्त,  महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई में कहा कि अब भारत को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि भारत २०४७ तक विकसित देश बन जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज मुंबई में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में निकाली गई तिरंगा रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “अब भारत को कोई नहीं रोक सकता। लेकिन यह भी सच है कि कुछ ताकतें भारत को रोकने की कोशिश कर रही हैं कि भारत की घुड़दौड़ रोक दी जाए। क्योंकि उन्हें डर है कि अगर भारत की प्रगति इसी तरह जारी रही, तो भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बन जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है और आईटी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों के साथ मुकाबला कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक युवाओं वाला देश है और यही युवा देश की प्रगति की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें भारत को रोकने का प्रयास कर रही हैं और उन्हें डर है कि भारत आने वाले समय में वैश्विक सुपरपावर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतें भारत के अंदरूनी मामलों में किसी न किसी तरह हस्तक्षेप करने की कोशिश करती हैं।

उन्होंने कहा, “मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ये वही युवा हैं, जो आज हाथों में तिरंगा लेकर निकले हैं। आपके पास उन्हें रोकने की ताकत नहीं है। आपके पास भारत को रोकने की ताकत नहीं है। भारत आगे बढ़ता रहेगा।” उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के पास अब करीब दो दशक हैं। उन्होंने युवाओं से देश के विकास के लिए एक विजन लेकर आगे बढऩे और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। फडणवीस ने कहा, “हमें एक विजन मंत्र लेकर चलना है। हमें साथ चलना है। हम तिरंगा लेकर साथ चलेंगे और अपनी आखिरी सांस तक साथ चलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवभारत की संकल्पना सामने रखी है। अब इसे पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है और हम इस जिम्मेदारी को निभाएंगे।” उन्होंने 9 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय की क्रांति ‘करो या मरो’ की थी, जबकि आज की क्रांति ‘विकसित भारत’ के निर्माण की है। उन्होंने कहा कि आज का संकल्प भारत विरोधी ताकतों को देश से दूर रखने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments