Homeदेशपश्चिम बंगाल में पहली बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी...

पश्चिम बंगाल में पहली बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने निकाली तिरंगा यात्रा

कोलकाता, 10 अगस्त : केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पश्चिम बंगाल सरकार ने पहली बार आधिकारिक तौर पर हिस्सा लिया। इसी के तहत सोमवार को कोलकाता में भव्य तिरंगा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि राज्य सरकार की पहल पर अब हर वर्ष आधिकारिक तौर पर ‘राखी बंधन’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में यह अभियान नौ से 17 अगस्त तक चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर से इस अभियान की शुरुआत की।

यात्रा की शुरुआत सोमवार को कोलकाता के गौर पाल सरणी से हुई और यह विक्टोरिया मेमोरियल के नॉर्थ गेट तक पहुंची। यात्रा की अगुवाई मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की। उनके साथ पानीहाटी की भाजपा विधायक रत्ना देवनाथ, मंत्री अर्जुन सिंह, जगन्नाथ चटर्जी, दीपक बर्मन, विधायक रुद्रनील घोष और कौस्तव बागची सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सभी के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए राज्य में अब तक करीब 75 लाख राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने राज्य के लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर अब ‘राखी बंधन’ उत्सव भी सरकारी स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राखी बंधन केवल धार्मिक महत्व का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी भाईचारे और सामाजिक बंधन को मजबूत करने का संदेश भी देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस वर्ष से राखी बंधन उत्सव सरकारी तौर पर मनाया जाएगा। राखी बंधन केवल धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हम सभी के बीच के बंधन को और मजबूत करता है। हम सब मिलकर पश्चिम बंगाल का नव निर्माण कर सकें और इसे भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बना सकें।”

गौरतलब है कि केंद्र सरकार वर्ष 2022 से हर साल नौ अगस्त से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित करती है। इस वर्ष पश्चिम बंगाल सरकार ने पहली बार इस अभियान में आधिकारिक रूप से भागीदारी की है।

मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रत्येक नागरिक से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की। साथ ही उन्होंने 15 अगस्त को कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी लोगों से शामिल होने का आग्रह किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments