Home विश्व समाचार डॉल्फिन तूफान से चीन बेहाल, 150 साल का बारिश का रिकॉर्ड टूटा,...

डॉल्फिन तूफान से चीन बेहाल, 150 साल का बारिश का रिकॉर्ड टूटा, 10 लाख लोग सुरक्षित निकाले गए

0

बीजिंग में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 943 उड़ानें रद्द

बीजिंग, 10 अगस्त : जापान में भारी असर डालने के बाद डॉल्फिन तूफान ने चीन के पूर्वी तटीय क्षेत्रों में दस्तक दे दी है। रविवार देर रात करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहुंचे तूफान के कारण कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। शंघाई में बारिश ने पिछले करीब 150 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए चीन में 10 लाख से अधिक लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था।

चीन के सरकारी मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिसके बाद चेतावनी का स्तर कम किया गया है। हालांकि, कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा अभी बरकरार है। पहाड़ी इलाकों में मिट्टी और चट्टानों के खिसकने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

शंघाई में परिवहन व्यवस्था प्रभावित

भारी बारिश का सबसे बड़ा असर शंघाई में देखने को मिला है। शहर के दो प्रमुख हवाई अड्डों से सोमवार को 943 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। खराब मौसम के कारण चेंगदू से शंघाई जा रही एक उड़ान को भी गंतव्य पर उतरने के बजाय बीजिंग की ओर मोड़ना पड़ा। विमान ने कुछ समय बाद बीजिंग से वापस चेंगदू के लिए उड़ान भरी।

बारिश और तेज हवाओं के चलते लोकल ट्रेनों समेत सार्वजनिक परिवहन की कई सेवाएं भी प्रभावित रहीं। निंगबो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर से उड़ान संचालन बहाल कर दिया गया, लेकिन अधिकारियों ने यात्रियों को देरी और उड़ान रद्द होने की संभावना को लेकर सतर्क रहने को कहा है।

बीजिंग के कई जिलों में रेड अलर्ट

डॉल्फिन तूफान का असर राजधानी बीजिंग तक पहुंच गया है। शहर के पांच जिलों में सोमवार को भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया। प्रशासन ने कुछ इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और खुले में होने वाली गतिविधियों को स्थगित करने की अपील की गई है।

राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, डॉल्फिन का बादलों का जाल करीब 1,300 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। तूफान फिलहाल उत्तर-पश्चिम दिशा में लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
विश्व समाचार

कोलंबिया में भूकंप से 132 लोगों की मौत, राष्ट्रीय आपदा घोषित

Exit mobile version