Homeदेश14 अगस्त को घुमारवीं के निहारी में होगा राज्य स्तरीय वन महोत्सव,...

14 अगस्त को घुमारवीं के निहारी में होगा राज्य स्तरीय वन महोत्सव, 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

शिमला, 11 अगस्त : हिमाचल प्रदेश का राज्य स्तरीय वन महोत्सव इस बार 14 अगस्त को बिलासपुर जिले के घुमारवीं के निहारी में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसका शुभारंभ करेंगे। वन महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री स्कूली बच्चों और वन संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को पौधे भी वितरित करेंगे।

वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बिलासपुर वन वृत्त और वन मंडल को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. सूद के अनुसार वन विभाग ने इस वर्ष प्रदेश में करीब 7 से 8 हजार हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इनमें अलग-अलग क्षेत्रों की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल होंगे। करीब 4 हजार हेक्टेयर भूमि पर राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत पौधरोपण किया जाएगा। इस बार चिनार के पौधे लगाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में प्रदेश के अलग-अलग वन मंडलों में पौधरोपण अभियान चल रहा है।

वन विभाग ने वर्ष 2030 तक प्रदेश के हरित आवरण को 32 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इसे मिशन-32 नाम दिया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में वन विभाग के साथ जाइका वानिकी परियोजना भी काम कर रही है।

जाइका परियोजना लगाएगी 500 हेक्टेयर में पौधे

जाइका वानिकी परियोजना ने इस वर्ष 500 हेक्टेयर भूमि पर पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। परियोजना के अनुसार वर्ष 2018 से 2025 तक प्रदेश के 22 वन मंडलों में 8,343 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा चुके हैं। पिछले वर्ष मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत भी परियोजना ने 124 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण किया था। डॉ. संजय सूद ने प्रदेश के लोगों से वन महोत्सव और पौधरोपण अभियान में सहयोग करने तथा वन संरक्षण में योगदान देने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments