Home देश भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार, जल्द होगा लोकार्पण

भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार, जल्द होगा लोकार्पण

0

कानपुर, 11 अगस्त : राजकीय इंटर कॉलेज, कानपुर नगर परिसर में आठ करोड़ दस लाख रुपये की लागत से निर्मित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो गया है। करीब 500 छात्रों की बैठने की क्षमता वाले इस आधुनिक ऑडिटोरियम का इसी अगस्त माह में लोकार्पण कराया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान कहीं।

कार्यदायी संस्था यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित ऑडिटोरियम को विद्यार्थियों और शिक्षकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। वातानुकूलित ऑडिटोरियम में करीब 500 छात्रों के बैठने की व्यवस्था के साथ आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्टेज तैयार किया गया है। कार्यक्रमों के बेहतर आयोजन के लिए आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था और साउंड सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके शुरू होने से विद्यालय में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, प्रतियोगिताओं तथा अन्य बड़े आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ऑडिटोरियम की सीटिंग व्यवस्था, स्टेज, वातानुकूलन, लाइटिंग और साउंड सिस्टम सहित अन्य सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने तथा अगस्त माह में ऑडिटोरियम का लोकार्पण कराने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि 8.10 करोड़ रुपये की यह परियोजना वर्ष 2016 में प्रारंभ की गई थी, लेकिन बाद में निर्माण कार्य लंबे समय तक लंबित रहा। फरवरी 2025 में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया तो निर्माण लंबे समय से ठप पाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के स्तर से परियोजना को पुनः गति देने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार किया गया। लंबित प्रकरणों के निस्तारण के साथ निर्माण कार्य ने दोबारा गति पकड़ी। अब परियोजना का निर्माण पूर्ण हो चुका है और ऑडिटोरियम लोकार्पण के लिए तैयार है।

ऑडिटोरियम के संचालन में आने से राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों को परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयोजन स्थल उपलब्ध होगा। विशेष रूप से विद्यार्थियों के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए 500 सीटों की क्षमता वाला यह वातानुकूलित ऑडिटोरियम महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में उपलब्ध होगा। इस दौरान एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
विश्व समाचार

ईरानी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे जहाज पर अमेरिकी हमला, हेलीकॉप्टर से की गई गोलीबारी

Exit mobile version